पंजाब में EVM-VVPAT की फर्स्ट लेवल चेकिंग शुरू, चुनाव आयोग रखेगा नजर
चंडीगढ़, 12 नवंबर: पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर चुनाव आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब अनिंदिता मित्रा ने राज्य के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में स्थापित राज्य स्तरीय वेबकास्टिंग केंद्र का दौरा करवाया।
इस दौरान अनिंदिता मित्रा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को वेबकास्टिंग केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित वेयरहाउस में EVM और VVPAT मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग की जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया पर वेबकास्टिंग के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार होगी जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंजाब के प्रत्येक जिले में फर्स्ट लेवल चेकिंग के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को पूरी तरह लागू किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के अधिकारियों की भूमिका के बारे में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि वेबकास्टिंग व्यवस्था का उद्देश्य जांच प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमनदीप बांसल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवनीत कौर बल्ल और संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव शर्मा भी उपस्थित रहे।
राजनीतिक दलों की ओर से आम आदमी पार्टी के फैरी सोफत, भारतीय जनता पार्टी के एन.के. वर्मा, शिरोमणि अकाली दल के अर्शदीप सिंह कलेर, कांग्रेस पार्टी के हरदीप सिंह किंगरा और सीपीआई (एम) के सुनील कुमार ने वेबकास्टिंग केंद्र का दौरा किया।
पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले EVM और VVPAT मशीनों की जांच की यह प्रक्रिया चुनाव तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान सभी जिलों में चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।
News written by Priyanka Thakur


