Homeपंजाबअरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी, हरपाल चीमा ने भाजपा...

अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी, हरपाल चीमा ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप

चंडीगढ़, 12 नवंबर: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने और 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आने के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश बताया है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसी भी कीमत पर राज्य की शांति भंग नहीं होने देगी।

आप के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि धमकी देने वाला व्यक्ति हरियाणा का रहने वाला है। शुरुआती जांच में आरोपी के भाजपा से सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से संबंध होने के संकेत मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करना चाहती है।

चीमा ने कहा कि पंजाब एक शांतिप्रिय राज्य है और यहां के लोग सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। किसी भी राजनीतिक नेता को धमकी देना और आम लोगों में भय पैदा करना गंभीर मामला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भगवंत मान सरकार शांति भंग नहीं होने देगी: हरपाल चीमा

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति या संगठन को पंजाब का शांतिपूर्ण माहौल खराब करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

7 करोड़ की फिरौती की मांग, मोहाली में FIR दर्ज: धालीवाल

आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने भी अरविंद केजरीवाल को मिली धमकी की कड़ी निंदा की। उन्होंने बताया कि एक गैंगस्टर ने जान से मारने की धमकी देने के साथ 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है।

धालीवाल के मुताबिक, पंजाब पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है और इस मामले में मोहाली में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने भी शुरुआती जांच का हवाला देते हुए आरोपी के भाजपा से संबंध होने की बात कही।

धमकियों से नहीं डरेंगे आप नेता: धालीवाल

कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि ऐसी धमकियां आम आदमी पार्टी के नेताओं को डरा नहीं सकतीं और न ही उन्हें जनता के लिए काम करने से रोक सकती हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

धालीवाल ने कहा कि इस साजिश में शामिल लोगों को बेनकाब कर जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि आम आदमी पार्टी पंजाब और देश के लोगों के लिए अपना काम जारी रखेगी।

News written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments