चंडीगढ़, 8 फरवरी:
आम आदमी पार्टी पंजाब ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भाजपा और उसके नेताओं पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह समझौता न केवल किसान-विरोधी है बल्कि देश के आर्थिक हितों के भी खिलाफ है।
धालीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता सुनील जाखड़ इस समझौते का समर्थन कर पंजाबियों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाखड़ या तो इस समझौते के दुष्परिणामों को समझ नहीं रहे या फिर जानबूझकर किसानों से सच्चाई छिपा रहे हैं।
धालीवाल ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं है। समझौते के ऐलान के बाद से लगातार इसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को इस समझौते की जानकारी संसद में नहीं, बल्कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान से मिली, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस समझौते से अमेरिकी सब्सिडी वाले कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में प्रवेश करेंगे, जिससे मक्का, बाजरा, कपास, सेब और डेयरी जैसे क्षेत्रों में भारतीय किसानों को भारी नुकसान होगा। इससे पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के किसान सीधे प्रभावित होंगे।
धालीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भारतीय निर्यात पर ऊंचे टैरिफ स्वीकार कर लिए, जबकि अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क लगभग खत्म कर दिया गया। उन्होंने इसे व्यापार समझौता नहीं, बल्कि आर्थिक समर्पण करार दिया।
सुनील जाखड़ पर कटाक्ष करते हुए धालीवाल ने कहा कि जाखड़ ने भले ही पार्टी बदली हो, लेकिन सत्ता की चापलूसी की आदत नहीं बदली। उन्होंने चुनौती दी कि भाजपा बताए यह समझौता किसानों को कैसे फायदा पहुंचाएगा।
आम आदमी पार्टी ने दोहराया कि वह इस किसान-विरोधी नीति का हर मंच पर विरोध करती रहेगी।


