पंजाब में स्पेशल एजुकेटरों की भर्ती जल्द, वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने शिक्षा विभाग को विज्ञापन जारी करने के दिए निर्देश
चंडीगढ़, 20 नवंबर। पंजाब में स्पेशल एजुकेटरों की भर्ती का इंतजार कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शिक्षा विभाग को प्राइमरी स्पेशल एजुकेटरों और मास्टर कैडर स्पेशल एजुकेटरों की भर्ती के लिए जल्द से जल्द विज्ञापन जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
वित्त मंत्री ने बेरोजगार स्पेशल एजुकेटर फ्रंट पंजाब के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने स्पेशल एजुकेटरों की भर्ती जल्द शुरू करने की मांग को लेकर मंत्री को मांगपत्र सौंपा था। हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार योग्य उम्मीदवारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी।
इस दौरान वित्त मंत्री ने छह अन्य कर्मचारी संगठनों और बेरोजगार यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें कीं। इनमें 180 ईटीटी शिक्षक यूनियन पंजाब, यूनाइटेड फिजिकल एजुकेशन पंजाब, होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन (सेवानिवृत्त), पंजाब एड्स कंट्रोल एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन, ईटीटी 2364 शिक्षक यूनियन और बेरोजगार सांझा मोर्चा पंजाब शामिल रहे।
बैठकों के दौरान विभिन्न संगठनों ने अपनी मांगें और समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। इनमें सेवानिवृत्त होमगार्ड कर्मचारियों के लिए पेंशन और मानदेय संबंधी लाभ, पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी के अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करना, वेतन वृद्धि और जोखिम भत्ता देने की मांगें शामिल थीं।
इसके अलावा शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों ने विशेष तबादलों के अवसर, नोटिस अवधि से छूट और वेतन वृद्धि जैसे मुद्दे भी उठाए।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें संबंधित मांगों की मौजूदा स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों और बेरोजगार युवाओं की जायज मांगों का जल्द समाधान करने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारी कल्याण, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने और विभिन्न संगठनों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
News written by Priyanka Thakur


