Monday, March 23, 2026
Homepunjabदेश की स्वतंत्रता के अमर सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की...

देश की स्वतंत्रता के अमर सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की 95वीं शहादत वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को पंचकूला के शहीद भगत सिंह चौक (सेक्टर 11-15 गोल चक्कर) पर आयोजित भव्य कार्यक्रम देशभक्ति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ

पंचकूला:  देश की स्वतंत्रता के अमर सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की 95वीं शहादत वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को पंचकूला के शहीद भगत सिंह चौक (सेक्टर 11-15 गोल चक्कर) पर आयोजित भव्य कार्यक्रम देशभक्ति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे क्षेत्र को आकर्षक रूप से सजाया गया था और शहीदों की चित्र प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, युवाओं एवं शहरवासियों ने “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ अमर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम का आरंभ प्रातः नौ बजे चित्रकला प्रतियोगिता से हुआ, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत चित्रों के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। जूनियर वर्ग में जैशना, प्रतिज्ञा और तमन्ना ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग में केविन, सोनाक्षी और चेतना विजेता रहे। विजेताओं को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नेहा डांस क्लासेस के विद्यार्थियों ने स्वागत गान प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। दिया मोदगिल और नन्ही श्रेशा गुप्ता ने देशभक्ति कविताओं का पाठ कर उपस्थित जन को भावविभोर कर दिया। नन्हा नेहान भगत सिंह की वेशभूषा में अपनी प्रस्तुति लेकर मंच पर आया।

मुख्य समारोह के दौरान मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने चौक पर स्थापित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इसके पश्चात सुप्रसिद्ध उद्घोषक और शिक्षाविद डॉ. प्रदीप राठौर ने अपने वक्तव्य में कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास नहीं, बल्कि हमारे वर्तमान और भविष्य की दिशा है। इतिहासकार एम. एम. जुनेजा ने अपने व्याख्यान में कहा कि युवा पीढ़ी यदि शहीदों के आदर्शों को अपनाए, तो राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बन सकता है।
विशिष्ट अतिथि योगेन्द्र शर्मा ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि देशभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि कर्म का विषय है। अंत में मुख्य अतिथि ज्ञान चंद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का त्याग हमें सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।

इससे पूर्व मंच के प्रधान जगदीश भगत सिंह ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर पार्षद हरेंद्र मलिक, रंजीता मेहता, इतिहासकार एम.एम. जुनेजा, डॉ. प्रदीप राठौर,  ईश्वर सिंह दूहन, समाजसेवी अनिल थापर, बीनू राव, राकेश जगोत्रा, ओ.पी. मेहरा, चमन लाल शास्त्री, बी.बी. गुप्ता, विकास गुप्ता, राजकुमार शर्मा, मनमोहन कंबोज, ऋषि गुप्ता, भीम सिंह, दिनेश गौड़, कृति बाली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। मंच-संचालन अक्षय मदान ने किया। शहीद भगत सिंह जागृति मंच (रजि.) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत भव्य, प्रेरणादायक एवं सफल रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति, सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक प्रगाढ़ किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments