Homeपंजाब2027 में फिर बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार, पंजाब के विकास...

2027 में फिर बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार, पंजाब के विकास की रफ्तार रहेगी जारी: मुख्यमंत्री भगवंत मान

2027 में फिर बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार, पंजाब के विकास की रफ्तार रहेगी जारी: मुख्यमंत्री भगवंत मान

फतेहगढ़ साहिब, 11 नवंबर। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनाएगी और राज्य में विकास की गति को जारी रखेगी। फतेहगढ़ साहिब में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं, महिलाओं को आर्थिक सहायता और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन पार्टियों की पिछली सरकारों ने पंजाब को विकास की दौड़ में पीछे धकेला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए पूरा पंजाब एक परिवार है और सरकारी योजनाओं का लाभ देने में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता। सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक सहायता की सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है।

भगवंत मान ने मुख्यमंत्री सेहत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। वहीं, मावां-धियां सत्कार योजना के तहत अनुसूचित जाति की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 1,500 रुपये और अन्य वर्गों की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को 71 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पंजाब में आए निवेश से छह लाख से अधिक रोजगार के अवसर भी पैदा हुए हैं। उन्होंने सरकारी स्कूलों की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में सरकारी स्कूलों के 80 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की थी, जबकि 2026 में यह संख्या बढ़कर 882 हो गई।

सिंचाई के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नहरी सिंचाई का दायरा 26 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। सरकार ने नहरी नेटवर्क मजबूत करने के लिए 7,200 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके अलावा लगभग 45,000 किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण और विकास का कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बिजली की तारों को भूमिगत करके पंजाब को बिजली के खंभों से मुक्त करने का सपना भी साझा किया। उन्होंने राजनीतिक दल बदलने वाले नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसे नेता गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और जनता को उनसे सावधान रहना चाहिए।

अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए अपने पुराने बयानों और सिद्धांतों से समझौता करना राजनीतिक अवसरवाद है। उन्होंने चरनजीत सिंह चन्नी की प्रस्तावित साइकिल यात्रा को भी राजनीतिक नाटक करार दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का हर फैसला पंजाब के लोगों के हित में लिया जा रहा है और सरकारी खजाने का पैसा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों तथा जनकल्याण पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि 2027 में आप की सरकार दोबारा बनाकर पंजाब के विकास को नई गति दी जाएगी।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments