फाजिल्का गोलीकांड के आरोपियों के साथ बिक्रम मजीठिया और बादल परिवार की तस्वीरें उनके संबंधों पर उठाती हैं सवाल: बलतेज पन्नू
चंडीगढ़, 11 नवंबर। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने फाजिल्का गोलीकांड के आरोपियों की अकाली दल (बादल) के वरिष्ठ नेताओं के साथ सामने आई तस्वीरों को लेकर अकाली नेतृत्व पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर आपराधिक मामलों का सामना कर रहे आरोपियों के बिक्रम सिंह मजीठिया, सुखबीर सिंह बादल और हरसिमरत कौर बादल के साथ संबंध रहे हैं। पन्नू के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बलतेज पन्नू ने बताया कि फाजिल्का में हाल ही में एक व्यक्ति पर उस समय गोलियां चलाई गईं, जब वह अपने बच्चे के साथ जा रहा था। इस मामले में फाजिल्का सदर थाने में आईपीसी की धारा 109 और 3/5 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि एफआईआर में फाजिल्का निवासी गुरविंदर सिंह और दविंदर सिंह के नाम शामिल हैं। गुरविंदर सिंह के खिलाफ 17 मामले दर्ज हैं, जबकि दविंदर सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित छह मामले दर्ज हैं। पन्नू ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी अकाली नेताओं के घर भी जा चुके हैं। उन्होंने तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया कि आरोपियों के बादल परिवार के साथ पुराने संबंध हैं।
बलतेज पन्नू ने 2007 से 2017 के बीच की अकाली-भाजपा सरकार पर पंजाब में गैंगस्टरवाद और नशा तस्करी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने एक एएसआई की हत्या, मंड घटना और रानोवाला सरपंच विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौरान अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप सामने आते रहे हैं।
पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष की आलोचना का जवाब देते हुए पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य की सुरक्षा सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि डीजीपी द्वारा पेश किए गए आंकड़े विपक्ष के दावों की वास्तविकता सामने रखते हैं।
उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का सफल आयोजन, लगभग 88 प्रतिशत कृषि भूमि तक नहरी सिंचाई की पहुंच, किसानों को दिन में बिजली की बेहतर आपूर्ति और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी सरकार के महत्वपूर्ण कदम हैं।
पन्नू ने कहा कि पिछली सरकारों की नीतियों से गोबिंदगढ़ जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को नुकसान हुआ था, जबकि मान सरकार विकास, जनकल्याण, खेती और सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भगवंत मान सरकार को मौका देगी।
news written by Priyanka Thakur


