By Priyanka Thakur
Somnath Swabhiman Parv 2026 के उपलक्ष्य में सोमवार को Chandigarh में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा सेक्टर-28 स्थित प्राचीन खेड़ा मंदिर से शुरू होकर सेक्टर-27 के सनातन धर्म मंदिर में संपन्न हुई। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और धार्मिक नारों के साथ आगे बढ़ते दिखाई दिए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा। शोभायात्रा के समापन के बाद सनातन धर्म मंदिर में शिव भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने देर शाम तक भक्ति रस का आनंद लिया।
इस आयोजन में Gauri Shankar Sevadal Gaushala की ओर से विशेष सहयोग दिया गया। गौशाला सेक्टर-45 डी की टीम ने शोभायात्रा की व्यवस्थाओं में अहम भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न टीमों ने सेवा कार्य संभाले और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा।
कार्यक्रम में सुमित शर्मा, विनोद कुमार, राहुल महाजन, अशोक कुमार और लखीराम सहित कई सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। गौशाला सेक्टर-45 के प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026” के तहत देशभर में इस प्रकार की भव्य कलश यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने और हजार वर्षों के संघर्ष एवं गौरवगाथा को याद करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना के जागरण का प्रतीक है। इस प्रकार के कार्यक्रम समाज को अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि सोमनाथ की गौरवगाथा सदियों से भारतीय समाज को आत्मविश्वास, एकता और आस्था का संदेश देती रही है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में Abhishek Sharma का भी विशेष योगदान रहा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।


