By Priyanka Thakur
Bhagwant Mann ने रविवार को Gurdwara Jyotisar Sahib में माथा टेककर जागत जोत गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026 लागू होने पर ईश्वर का शुक्रिया अदा किया। मुख्यमंत्री संगत के साथ अखंड पाठ साहिब के भोग और अरदास में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस सख्त कानून से बेअदबी की घटनाओं पर रोक लगेगी और भविष्य में कोई भी ऐसा अपराध करने की हिम्मत नहीं करेगा।
संगरूर के गांव खुराना स्थित गुरुद्वारा साहिब में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की समस्त सिख संगत इस कानून के लागू होने से संतुष्ट और खुश है। उन्होंने कहा कि यह कानून लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है और पंजाब सरकार ने इसे पूरी जिम्मेदारी और श्रद्धा के साथ लागू किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें ऐतिहासिक गुरुद्वारा जोतीसर साहिब में नतमस्तक होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का आशीर्वाद लेकर उन्होंने पंजाब की खुशहाली, चढ़दी कला और राज्य को फिर से “रंगला पंजाब” बनाने की अरदास की।
भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार बेअदबी की घटनाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सिख मर्यादा और लोगों की धार्मिक भावनाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा और केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग कभी भी दबाव की राजनीति के आगे नहीं झुकेंगे और सही समय पर इसका जवाब देंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए भगवंत मान ने कहा कि देश के बड़े फैसलों पर अब व्हाइट हाउस का प्रभाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान तनाव जैसे मुद्दों पर भी अमेरिकी अधिकारियों की दखलंदाजी देश की संप्रभुता के लिए चिंता का विषय है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया के बड़े दावों के बावजूद विदेशी निवेश की नीतियां देश के हितों को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का असर भारतीय कृषि और किसानों पर पड़ सकता है।


