शादी समारोह में भोजन के बाद बीमार हुए लोगों का मामला, मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायज़ा
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़/मूनक, 27 मई:
पंजाब के मूनक में एक शादी समारोह के दौरान भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद करीब 72 लोगों को सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री Barinder Kumar Goyal ने सिविल अस्पताल मूनक पहुंचकर मरीज़ों का हाल जाना और स्वास्थ्य सेवाओं का जायज़ा लिया।
मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं और स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नज़र बनाए रखे।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में भोजन करने के बाद महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों सहित कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों को सिविल अस्पताल मूनक और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया।
मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने सिविल सर्जन संगरूर, एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की निगरानी करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अस्पताल में इलाज व्यवस्था को और मजबूत किया तथा अलग-अलग शहरों से डॉक्टरों की विशेष टीमें बुलाई गईं। कौहरियां, संगरूर, भवानीगढ़ और लहरागागा से डॉक्टर मरीजों का इलाज कर रहे हैं, जबकि पटियाला से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी मूनक पहुंच रही है।
उन्होंने बताया कि कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए संगरूर रेफर किया गया है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन एंबुलेंस अस्पताल में तैनात रखी गई हैं। मंत्री ने कहा कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने दूध और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पूरे देश में मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त कानून बनाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पंजाब सरकार भी इस मामले में उचित कार्रवाई करेगी।


