चंडीगढ़: पंजाब की बेटियां लगातार नए मुकाम हासिल कर रही हैं। माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (AFPI) फॉर गर्ल्स, मोहाली की कैडेट महकप्रीत कौर ने एयर फोर्स अकादमी की मेरिट सूची में पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर पंजाब का नाम रोशन किया है। वहीं संस्थान की दूसरी कैडेट कोमलप्रीत कौर ने नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA), खड़कवासला में दाखिले के लिए ऑल इंडिया 18वीं रैंक प्राप्त की है।
महकप्रीत कौर रूपनगर जिले के गांव पपराली के किसान अमरजीत सिंह और रूपिंदर कौर की बेटी हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाली महकप्रीत की इस उपलब्धि ने गांव और पूरे पंजाब में खुशी का माहौल बना दिया है।
दूसरी ओर, कोमलप्रीत कौर अमृतसर जिले के गांव शहूरा से संबंध रखती हैं। उनके पिता गुरमीत सिंह भारतीय सेना में हवलदार हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों कैडेटों ने कठिन मेहनत और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया।
पंजाब के रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने दोनों कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पंजाब की नई सोच और बेटियों के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महकप्रीत और कोमलप्रीत ने यह साबित कर दिया है कि गांवों और छोटे कस्बों की बेटियां भी देश की सबसे कठिन रक्षा परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकती हैं।
अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लड़कियों को रक्षा सेवाओं में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में वर्ष 2023 में माई भागो AFPI में लड़कियों के लिए NDA प्रिपरेटरी विंग शुरू किया गया था।
माई भागो AFPI के डायरेक्टर मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू (सेवानिवृत्त) ने भी दोनों कैडेटों की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि रक्षा सेवाओं में महिलाओं के लिए सीमित पदों के बावजूद ऑल इंडिया रैंक हासिल करना बड़ी उपलब्धि है और यह राज्य की अन्य लड़कियों को भी प्रेरित करेगा।
दोनों कैडेटों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।


