Homeपंजाबजालंधर में पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी की मौत, परिवार ने लगाए...

जालंधर में पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी की मौत, परिवार ने लगाए फर्जी एनकाउंटर के आरोप | 24 Ghante News

जालंधर में पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी की मौत, परिवार ने लगाए फर्जी एनकाउंटर के आरोप

By Priyanka Thakur

जालंधर, 06 जून 2026: जालंधर के मेहतपुर क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई के दौरान अटेंप्ट टू मर्डर केस में वांछित आरोपी लवप्रीत उर्फ लवी की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना को लेकर पुलिस और मृतक के परिवार के अलग-अलग दावे सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी लवप्रीत अपने घर पहुंचा हुआ है। इसके बाद थाना मेहतपुर के एसएचओ अमन सैनी पुलिस टीम के साथ गांव बंगीवाल पहुंचे। आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश के दौरान वहां मौजूद लोगों और पुलिस टीम के बीच विवाद हो गया।

पुलिस का दावा है कि मौके पर मौजूद भीड़ की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस को आत्मरक्षा के तहत कार्रवाई करनी पड़ी। इसी दौरान हुई क्रॉस फायरिंग में लवप्रीत घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं दूसरी ओर मृतक के परिवार ने पुलिस की कहानी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि घटना के समय लवप्रीत बाथरूम में मौजूद था और बाहर निकलते ही पुलिस कर्मियों ने उसे पीछे से गोली मार दी। परिवार का कहना है कि उसे दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।

परिवार ने इस घटना को फर्जी एनकाउंटर बताते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर के बाहर जमा हो गए।

इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments