लुधियाना में 38 दिनों में 14 किशोरियां लापता, महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट
By Priyanka Thakur
लुधियाना, 06 जून 2026: लुधियाना जिले में पिछले 38 दिनों के भीतर 14 नाबालिग किशोरियों और युवतियों के लापता होने के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं के बाद पंजाब महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि शुरुआती जांच में किसी संगठित अपहरण गिरोह या किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क के सबूत नहीं मिले हैं। इसके बावजूद लगातार सामने आ रहे मामलों ने इलाके में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
पंजाब महिला आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लुधियाना के पुलिस आयुक्त से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने यह जानने की कोशिश की है कि अब तक पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं और युवतियों की तलाश के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
थानों में दर्ज कई शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि कुछ युवतियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया, जबकि कुछ मामलों में किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश करने के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और सभी मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग डर और भ्रम का माहौल बना रहे हैं, जो उचित नहीं है।
पुलिस का दावा है कि जांच टीमें लगातार काम कर रही हैं और कई मामलों में महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और यदि किसी के पास कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इन घटनाओं के बाद अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं महिला आयोग की सक्रियता के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि मामलों की जांच में तेजी आएगी और लापता किशोरियों का जल्द पता लगाया जा सकेगा।


