योग के रंग में रंगे युवा, फोटोग्राफी और स्लोगन प्रतियोगिता में दिखाया हुनर
योगासन फोटोग्राफी प्रतियोगिता में अंशिका रहीं प्रथम, आयुष यादव ने जीता दूसरा स्थान
पंचकूला, 18 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला द्वारा ऑनलाइन अंतर कॉलेज योगासन फोटोग्राफी और स्लोगन-कैप्शन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के महत्व को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश समाज तक पहुंचाना था। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा तथा डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में किया गया।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकांक्षा राणा और डॉ. गरिमा गुप्ता की देखरेख में आयोजित योगासन फोटोग्राफी प्रतियोगिता में सरस्वती आयुर्वेद अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज, मोहाली की छात्रा अंशिका ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान पंचकूला के छात्र आयुष यादव दूसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर सतीश गंधर्व, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनूप एम, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनीष पमनानी और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पूजा हसन शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत योगासन की तस्वीरों का मूल्यांकन कर सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफी का चयन किया।
स्लोगन और कैप्शन लेखन प्रतियोगिता में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के छात्र प्रफुल्ल शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि निधि दूसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों को प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत किया।
स्लोगन प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रोफेसर प्रह्लाद रघु, डॉ. गौरव कुमार, डॉ. धवल मकवाना और डॉ. अश्वति पी शामिल रहे। उन्होंने प्रतिभागियों के रचनात्मक विचारों और संदेशों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिता की समन्वयक डॉ. आकांक्षा राणा और डॉ. गरिमा गुप्ता ने बताया कि प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक तस्वीरें प्रस्तुत कीं। वहीं स्लोगन और कैप्शन श्रेणी में योग के सकारात्मक प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया गया।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संस्थान द्वारा जागरूकता कार्यक्रम, योगाभ्यास सत्र और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जा रहा है, ताकि समाज के हर वर्ग तक योग के लाभ पहुंचाए जा सकें और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले।


