फर्जी वीडियो की सच्चाई सामने आई, 1191 फ्रेम में मेरा चेहरा नहीं मिला: भगवंत मान
चंडीगढ़, 18 जून 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कथित फर्जी वीडियो विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि दो स्वतंत्र फोरेंसिक रिपोर्टों ने इस पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वीडियो के 1,191 फ्रेम की जांच की गई, लेकिन एक भी फ्रेम में उनका चेहरा, कद, शारीरिक बनावट या अन्य कोई पहचान संबंधी विशेषता नहीं मिली।
वीडियो संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका पूरा सार्वजनिक जीवन पंजाब और उसके लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहा है तथा राजनीतिक प्रचार और झूठे आरोप उनके और संगत के बीच विश्वास को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें पंजाब की प्रगति और लोगों द्वारा मिल रहे समर्थन को पचा नहीं पा रही हैं, इसलिए उन्हें बदनाम करने की साजिश रची गई।
मुख्यमंत्री ने पंजाब पुलिस के डीजीपी को निर्देश देते हुए कहा कि इस कथित फर्जी वीडियो को तैयार करने, वित्तपोषित करने और प्रसारित करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान की जाए, चाहे वह दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न छिपा हो। उन्होंने कहा कि इस साजिश में शामिल सभी चेहरों को बेनकाब कर संगत के सामने लाया जाएगा।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्हें हमेशा गुरु ग्रंथ साहिब की सेवा और पंजाब के लोगों की भलाई के लिए कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के कई फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पालकी साहिब वाहनों को कर से छूट दी, धार्मिक ग्रंथों के प्रकाश के लिए इस्तेमाल होने वाले विशेष वाहनों को मोटर वाहन कर से मुक्त किया और कई ऐतिहासिक धार्मिक आयोजनों को सम्मानपूर्वक आयोजित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने बेअदबी की घटनाओं के खिलाफ सख्त कानून बनाते हुए ‘जागत जोत गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम-2026’ लागू किया, जिसे लोगों का व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि इस कानून का उद्देश्य भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना और दोषियों को कड़ी सजा दिलाना है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें धर्म का इस्तेमाल अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार जनहित में फैसले ले रही है और पंजाब विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है, तब विपक्षी दल भ्रम फैलाने और लोगों को गुमराह करने में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली, 67 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां, आम आदमी क्लीनिक, स्कूल ऑफ एमिनेंस जैसी कई जनहित योजनाएं शुरू की हैं। इसके अलावा नहरों के पानी को अंतिम छोर तक पहुंचाने और किसानों को राहत देने के लिए भी व्यापक प्रयास किए गए हैं।
भगवंत सिंह मान ने संगत और पंजाब के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे राजनीतिक साजिशों और भ्रामक प्रचार से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि उनका जीवन पंजाब, पंजाबियत और लोगों की सेवा के लिए समर्पित है तथा वे हमेशा राज्य और उसके लोगों के हितों की रक्षा के लिए काम करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की संगत सर्वोच्च है और वह उसके प्रति पूरी श्रद्धा रखते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सच अंततः सामने आता है और झूठ लंबे समय तक टिक नहीं सकता।


