Homepunjabपार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ...

पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को किया लामबंद

‘हर बूथ, मजबूत’

श्री फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस ने चुनावी बिगुल फूंका

पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को किया लामबंद

बघेल: पंजाब से ही कांग्रेस की जीत का पहिया घूमना शुरू होगा

कहा: भाजपा और आप दोनों ही बदले की राजनीति करते हैं

कहा: पंजाब को पहले से भी अधिक कांग्रेस की जरूरत

वड़िंग: आप अपने 60 से अधिक विधायकों के टिकट काट रही है

मान से कहा: आपका जहाज डूब रहा है, 6 सांसद भाजपा में जा चुके हैं

सवाल: क्या कांग्रेस का कोई सांसद या विधायक भाजपा में गया है?

खुलासा: भाजपा से संबंधों के कारण आप 60 से अधिक विधायकों को बदल रही है

श्री फतेहगढ़ साहिब, 31 जुलाई: पंजाब कांग्रेस ने बूथ स्तर पर बड़े पैमाने पर लामबंदी के तहत ‘हर बूथ, मजबूत’ अभियान की शुरुआत करते हुए, चुनावी बिगुल फूंक दिया है। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पंजाब मामलों के प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल ने किया। इस अवसर पर जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इस अवसर पर अभियान की शुरुआत करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि पंजाब में चुनाव अब बेहद करीब हैं और इन चुनावों पर न केवल देश बल्कि विदेशों की भी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि देश में पंजाब का एक विशेष और महत्वपूर्ण स्थान है।

उन्होंने कहा कि ये चुनाव पंजाब की किस्मत का फैसला करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए ये चुनाव और भी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि पिछले पांच वर्षों के दौरान उन्हें धमकियों, अपमान और बदले की राजनीति का सामना करना पड़ा है। हर बार सबसे अधिक तकलीफ कार्यकर्ताओं को ही झेलनी पड़ती है।

बघेल ने कहा कि जिस तरह से केंद्र में भाजपा बदले की भावना से काम करती है, उसी तरह पंजाब में आम आदमी पार्टी भी प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। इसलिए दोनों को हराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी बदले की राजनीति में विश्वास नहीं किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का समय समाप्त होने वाला है और राज्य के लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि इस बार पंजाब में पांच-कोणीय मुकाबला होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुकाबला केंद्र में भाजपा सरकार और पंजाब में आप सरकार से है। उन्होंने दोनों को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि इनके अलावा शिरोमणि अकाली दल और वारिस पंजाब दे भी चुनावी मैदान में होंगे।

उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, कहा कि पार्टी की किस्मत उनके हाथों में है। जब हर बूथ पर कांग्रेस जीतेगी तो विधायक जीतेंगे, कांग्रेस जीतेगी और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उत्साहित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि आप जीतने के लिए मजबूत होने का संकल्प कर लें, तो फिर चाहे कितने भी मोदी, मान या केजरीवाल आ जाएं, कोई भी आपको हरा नहीं सकता।

वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का हवाला देते हुए, बघेल ने कहा कि ये चुनाव सिद्धांतों और विचारधारा की लड़ाई हैं। यह देश की एकता, भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और संविधान को बचाने की लड़ाई है, जो आज गंभीर खतरे में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और आप, दोनों का ही संविधान में कोई विश्वास नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज पंजाब में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है, गैंगस्टरों का बोलबाला है और अपराधी दिनदहाड़े हत्याएं कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें कानून का कोई डर नहीं है।

इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि आप सरकार की विदाई का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान केवल 1000 करोड़ रुपये के विज्ञापन बजट के सहारे चल रहे हैं। जब यह प्रचार बंद हो जाएगा, तब उनकी राजनीतिक “ऑक्सीजन सप्लाई” भी बंद हो जाएगी और सरकार गिर जाएगी।

उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि कांग्रेस पार्टी मजबूत और एकजुट है। हालांकि विचारों में मतभेद होना स्वाभाविक बात है। उन्होंने कहा कि मीडिया कांग्रेस के भीतर के मामूली मतभेदों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाता है, जबकि यह नहीं बताता कि आप के 6 सांसद भाजपा में जा चुके हैं और 60 से अधिक विधायक भाजपा के संपर्क में हैं।

वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस का कोई भी सांसद या विधायक भाजपा में नहीं गया है, फिर भी मीडिया कांग्रेस में गुटबाजी की बात करता है। उन्होंने खुलासा किया कि भाजपा से संबंधों के कारण आप 60 से अधिक विधायकों के टिकट काटने जा रही है।

पार्टी हाईकमान का धन्यवाद करते हुए, वड़िंग ने कहा कि वह कांग्रेसी के रूप में जिए हैं और कांग्रेसी के रूप में ही मरेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही वह पार्टी में जूनियर हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें बहुत सम्मान और जिम्मेदारियां दी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में उनसे कहीं अधिक वरिष्ठ और योग्य नेता हैं, जैसे प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी आदि, जिनका वह हमेशा सम्मान करते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़िए, यदि उन्हें टिकट भी नहीं मिले, तब भी वह कांग्रेस के साथ ही रहेंगे और कांग्रेसी के रूप में ही जीवन बिताएंगे।

इस अवसर पर अन्य के अलावा, शमशेर सिंह दूल्लो, ब्रह्म महिंद्रा, डॉ. अमर सिंह, रणदीप नाभा, डॉ. राज कुमार वेरका, हेना कैवरे, कुलजीत नागरा, कुलबीर जीरा, कैप्टन संदीप संधू, सुरिंदर सिंह, कस्तूरी लाल मिंटू सहित विभिन्न जिला कांग्रेस कमेटियों और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments