Homeक्राइम'युद्ध नशों विरुद्ध' के 17 महीने: 75 हजार से अधिक नशा तस्कर...

‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 17 महीने: 75 हजार से अधिक नशा तस्कर गिरफ्तार, 3472 किलो हेरोइन बरामद | 24 Ghante News

युद्ध नशों विरुद्ध’ के 17 महीने: 75 हजार से अधिक नशा तस्कर गिरफ्तार, 3472 किलो हेरोइन बरामद

चंडीगढ़, 1 अगस्त | प्रियंका ठाकुर | www.24ghantenews.com

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान ने 17 महीने पूरे कर लिए हैं। पंजाब पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2025 से शुरू हुए इस विशेष अभियान के दौरान अब तक 54,916 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 75,102 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में पुलिस ने 3472 किलोग्राम हेरोइन सहित बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और करोड़ों रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।

पंजाब पुलिस ने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के नेतृत्व में राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में प्रतिदिन विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी की कमर तोड़ना, तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करना और युवाओं को नशे से बचाना है।

विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) प्रवीण सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 3472 किलोग्राम हेरोइन, 871 किलोग्राम अफीम, 425 क्विंटल भुक्की, 86 किलोग्राम चरस, 1193 किलोग्राम गांजा, 60 किलोग्राम आईसीई (सिंथेटिक ड्रग) तथा 60.78 लाख नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने 21.64 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की है।

अभियान के 518वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में कार्रवाई करते हुए 91 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 20.3 किलोग्राम हेरोइन, 15,249 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल और 3,800 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। पुलिस ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत 11 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास केंद्रों में उपचार के लिए भी प्रेरित किया गया।

इसी दौरान पंजाब पुलिस ने ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत भी कार्रवाई जारी रखी। अभियान के 193वें दिन पुलिस टीमों ने राज्यभर में 586 छापेमारियां कीं। इस दौरान 350 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से चार अवैध हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा 230 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।

पंजाब पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके पास किसी गैंगस्टर, वांछित अपराधी या नशा तस्कर से जुड़ी कोई जानकारी है तो वे एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय रूप से सूचना दे सकते हैं। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पंजाब पुलिस ने दोहराया कि राज्य में नशे और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी नशा तस्कर या अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments