पंजाब में SIR 2026: 13 अगस्त से शुरू होगी दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया, 12 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
चंडीगढ़, 6 अगस्त: पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत घर-घर गणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद 13 अगस्त 2026 को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी 13 अगस्त से शुरू होकर 12 सितंबर 2026 तक चलेगी। यह जानकारी मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) पंजाब अनिंदिता मित्रा ने चुनाव अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर दी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया कुल 31 दिनों तक चलेगी। इसके बाद प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का निपटारा 13 अगस्त से 8 अक्टूबर 2026 के बीच किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
अनिंदिता मित्रा ने विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और मेहनत के कारण राज्य में समय पर 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान एएसडीडी सूची में बहुत कम नाम शामिल हुए हैं, जिसके चलते सीमित संख्या में ही नोटिस जारी करने की आवश्यकता पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि इस पूरी कवायद का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र नामों को हटाना है। उन्होंने चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए कि दावे और आपत्तियों की अवधि के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
सीईओ पंजाब ने कहा कि SIR-2026 की शुरुआत से पहले राजनीतिक दलों और मीडिया की ओर से कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की गई थीं, लेकिन चुनाव अमले की पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली के कारण ये सभी संदेह दूर हो गए। उन्होंने अधिकारियों से पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भी पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने राज्य के नागरिकों से अपील की कि 13 अगस्त को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद वे अपने नाम और विवरण की जांच अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो या नया नाम जुड़वाना हो तो 12 सितंबर 2026 तक दावा या आपत्ति दर्ज कर दें, क्योंकि इसके बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
लेखिका: प्रियंका ठाकुर


