कनाडा में पंजाब के पोषण उद्यान और कृषि निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा, बल मुकुंद शर्मा ने रखा राज्य का मॉडल
चंडीगढ़, 18 अगस्त 2026: पंजाब के कृषि और पोषण मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करते हुए पंजाब राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष बल मुकुंद शर्मा ने कनाडा के ओंटारियो में आयोजित एक वैश्विक संगोष्ठी में पंजाब के पोषण उद्यान अभियान और कृषि उत्पादों की निर्यात संभावनाओं पर प्रकाश डाला। ‘पंजाब की खाद्य और पोषण सुरक्षा का वैश्वीकरण’ विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में पंजाब के पोषण मॉडल के साथ-साथ शीतकालीन सब्जियों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।
बल मुकुंद शर्मा ने बताया कि पंजाब में पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर ‘पोषण बाग अभियान’ चलाया जा रहा है। शिक्षा विभाग के सहयोग से राज्य के 5,000 से अधिक स्कूलों को जड़ी-बूटियों, सब्जियों और फलों के पोषण बाग तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन बागों से प्राप्त उपज का इस्तेमाल स्कूलों में बच्चों के लिए तैयार होने वाले मध्याह्न भोजन में भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खाद्य आयोग की सलाह पर आंगनवाड़ी केंद्रों में भी ‘पोषण वाटिकाएं’ विकसित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य 0-3 और 3-6 वर्ष के बच्चों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।
संगोष्ठी में ओंटारियो सरकार की व्यापार विकास मंत्री नीना तंगरी ने पंजाब और ओंटारियो के बीच खाद्य प्रसंस्करण, खाद्य निर्यात और सब्जियों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि छह महीने पहले फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद स्थित पेग्रो फ्रोजन फूड्स ने परीक्षण के तौर पर टोरंटो में 24 टन फ्रोजन फलों और सब्जियों का कंटेनर भेजा था। इसमें ब्रोकली, फूलगोभी, गाजर और आलू समेत अन्य उत्पाद शामिल थे। गुणवत्ता बेहतर होने के कारण दोबारा ऑर्डर भी मिला है।
बल मुकुंद शर्मा ने कहा कि पंजाब की शीतकालीन सब्जियां उच्च गुणवत्ता वाली हैं और इनमें अमेरिका, कनाडा, जापान, ऑस्ट्रेलिया तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात की बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को वैश्विक बाजार उपलब्ध होने से उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है और देश को विदेशी मुद्रा भी प्राप्त होगी।
संगोष्ठी में भारत सरकार के पूर्व कृषि आयुक्त डॉ. गुरबचन सिंह ने नकदी फसलों, वाणिज्यिक फसलों और बागवानी को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने फसलों में जैव-पौधारोपण अपनाने तथा जस्ता, लोहा और मैग्नीशियम जैसे सूक्ष्म पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
पंजाब व्यापार संवर्धन परिषद की अध्यक्ष कंचन शर्मा ने पौष्टिक आहार अपनाने और भोजन में नमक व तेल की मात्रा नियंत्रित करने की अपील की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सौरवदीप और गुणवत्ता नियंत्रण विशेषज्ञ कमलजीत सिंह सिद्धू ने खाद्य गुणवत्ता तथा बेहतर पैकेजिंग मानकों पर जोर दिया। संगोष्ठी की मेजबानी ग्लोबल फूड चॉइस के अध्यक्ष जरनैल सिंह ने की।
News Written By: Priyanka Thakur


