पंजाब पुलिस का गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, 592 ठिकानों पर छापेमारी; 275 गिरफ्तार
चंडीगढ़, 3 अक्टूबर: पंजाब पुलिस ने राज्य में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के तहत शनिवार को बड़े स्तर पर कार्रवाई की। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 256वें दिन पुलिस टीमों ने पूरे पंजाब में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 592 ठिकानों पर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान 275 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 16 हथियार बरामद किए गए। अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 75,810 बताई गई है। इसके अलावा 195 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि छह भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान की शुरुआत पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने 20 जनवरी 2026 को की थी। पुलिस के मुताबिक सभी जिलों की टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के समन्वय से गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं। इस नंबर के जरिए आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी साझा की जा सकती है।
वहीं, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के 581वें दिन भी पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी। पुलिस के अनुसार, आज 146 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 11.7 किलोग्राम हेरोइन, 672 ग्राम अफीम, 80 किलोग्राम भुक्की, 1,699 नशीली गोलियां और 15,600 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक इस अभियान के तहत 581 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 81,602 तक पहुंच गई है।
नशा छोड़ने और पुनर्वास को लेकर भी पुलिस की ओर से प्रयास जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को 29 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पंजाब पुलिस का कहना है कि गैंगस्टरों, नशा तस्करों और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, साथ ही नशे की गिरफ्त में आए लोगों को पुनर्वास से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
News written by Priyanka Thakur


