सिंगापुर में CM नायब सैनी ने हरियाणा को बताया निवेश का बेहतर विकल्प, सिंगापुर के प्रस्तावों के लिए बनेगा मर्लियन डेस्क
चंडीगढ़, 5 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर में आयोजित SING फोरम के फायरसाइड चैट कार्यक्रम में हरियाणा को निवेश के लिए बेहतर विकल्प बताते हुए प्रदेश की नीतियों, औद्योगिक ढांचे और निवेशक-अनुकूल माहौल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि आने वाले समय में कोई कंपनी हरियाणा में निवेश करती है तो यह यात्रा उनके लिए सफल मानी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर दौरे से पहले लगभग 20 से 30 प्रमुख कंपनियों की पहचान की गई थी और अधिकारियों ने कई संभावित निवेशकों के साथ ई-मीटिंग भी की। दौरे के दौरान विभिन्न कंपनियों ने निवेश प्रस्ताव और इन्वेस्टमेंट इंटेंशंस जमा कराईं। उन्होंने कहा कि निवेश प्रस्ताव मिलते ही हरियाणा एंटरप्राइज प्रमोशन सेंटर उन्हें तेजी से आगे बढ़ाता है। सिंगापुर से आने वाले निवेश प्रस्तावों को विशेष गति देने के लिए समर्पित मर्लियन डेस्क भी स्थापित किया गया है।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में 270 से अधिक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCCs) और मजबूत ऑटोमोटिव इकोसिस्टम मौजूद है। गुरुग्राम और एनसीआर के अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी निवेशकों के लिए जमीन, औद्योगिक ढांचा और विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि मध्यम आकार की कंपनियां यहां मौजूदा सिस्टम का हिस्सा बनने के साथ-साथ अपना नया इकोसिस्टम और मजबूत बिजनेस बेस भी विकसित कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार जून में 10 नई नीतियां शुरू की गई हैं और निवेश प्रोत्साहनों को समयबद्ध किया गया है। सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है। पात्र निवेश प्रोत्साहन का 50 प्रतिशत पहले सात कार्यदिवसों में और शेष 45 दिनों के भीतर देने का प्रावधान किया गया है।
पानी की उपलब्धता को लेकर उन्होंने कहा कि अधिक पानी की जरूरत वाली इंडस्ट्रीज और विशेष क्षेत्रों में परियोजना की आवश्यकता का पहले ही आकलन किया जाता है। ट्रीटेड और रीसायकल पानी के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
भूमि से जुड़े मामलों में हरियाणा ने एक डिजिटल इन्वेस्टमेंट इंजन तैयार किया है। निवेशक किसी खास लैंड पार्सल पर कर्सर रखते ही उस स्थान से संबंधित निवेश की आवश्यक जानकारी एक ही जगह देख सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के पास सही लोकेशन, मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम और बड़े निवेश को आकर्षित करने की क्षमता मौजूद है। उन्होंने सिंगापुर सहित दुनिया भर के निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा कि भारत में विकास का अगला अध्याय लिखने के लिए हरियाणा एक मजबूत और भरोसेमंद पार्टनर बन सकता है।


