Homeपंजाबपंजाब की जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में किया टॉप,...

पंजाब की जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में किया टॉप, CM मान सरकार देगी ₹25-25 हजार का इनाम

चंडीगढ़: पंजाब की बेटी जसप्रीत कौर ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), मानसा की छात्रा जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने छात्रा और उसके इंस्ट्रक्टर गुरबिंदर सिंह को 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि छात्रा की कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने जसप्रीत कौर के माता-पिता, ITI मानसा के प्रिंसिपल और सभी इंस्ट्रक्टरों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।

तकनीकी शिक्षा को मजबूत कर रही पंजाब सरकार

मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी शिक्षा के माध्यम से रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि छात्रा और इंस्ट्रक्टर को दिया जाने वाला 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक कदम है। उन्होंने प्रदेश के सभी ITI प्रिंसिपलों से विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

युवाओं के लिए प्रेरणा बनी जसप्रीत कौर की सफलता

शिक्षा मंत्री ने पंजाब के युवाओं से अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण पूरी लगन से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। सही मार्गदर्शन और समर्पण के साथ पंजाब के युवा राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास प्रताप ने भी जसप्रीत कौर की सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ITI संस्थानों को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उद्योगों से जुड़े पाठ्यक्रमों और बेहतर मार्गदर्शन से सुसज्जित कर रही है, ताकि प्रदेश के युवा रोजगार के लिए तैयार होने के साथ-साथ बदलती तकनीकी जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों का भी सामना कर सकें।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments