पटियाला बाईपास पर भाखड़ा नहर का 60 मीटर लंबा स्टील पुल ढहा, बड़ा हादसा टला; 3-4 दिन में बहाल होगा यातायात
पटियाला: पटियाला बाईपास पर भाखड़ा मेन लाइन नहर के ऊपर बना करीब 60 मीटर लंबा स्टील पुल बुधवार सुबह अचानक ढह गया। सुबह करीब छह बजे हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुल गिरने से यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन एनएचएआई की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहनों को सर्विस रोड की ओर डायवर्ट कर दिया। समय रहते ट्रैफिक डायवर्जन होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
यह पुल एनएच-64 (नए एनएच-07) के पटियाला बाईपास खंड पर नहर के ऊपर बाईं तरफ (एलएचएस) बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की घटना प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की। इसके अलावा रोड सेफ्टी मार्शल भी तैनात किए गए हैं।
प्रभावित क्षेत्र में चेतावनी संकेत लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि रात के समय वाहन चालकों को भी खतरे का अंदाजा हो सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
तीन से चार दिन में यातायात बहाल करने का लक्ष्य
पुल के ढहने के बाद यातायात सामान्य करने के लिए एनएचएआई 60 मीटर लंबे बेली ब्रिज की व्यवस्था कर रहा है। यह पुल मूल रूप से अमृतसर के वल्लाह में यातायात डायवर्जन के लिए इस्तेमाल किया जाना था, लेकिन अब इसे पटियाला में ढहे स्टील पुल के स्थान पर लगाया जाएगा।
एनएचएआई के अनुसार, बेली ब्रिज स्थापित कर अगले तीन से चार दिनों में इस मार्ग पर यातायात बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। तब तक वाहनों को सर्विस रोड के जरिए निकाला जाएगा।
पुल गिरने के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित
पुल अचानक किन कारणों से ढहा, इसका पता लगाने के लिए एनएचएआई ने विशेषज्ञ समिति गठित की है। समिति घटना के कारणों की जांच करेगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुधारों का सुझाव देगी।
जानकारी के मुताबिक, फोरलेन वाला पटियाला बाईपास फिलहाल एनएचएआई के अल्पकालिक रखरखाव अनुबंध के तहत है। यह सड़क खंड वर्ष 2018 में एनएचएआई को सौंपा गया था। इसके फोरलेन निर्माण का काम पंजाब पीडब्ल्यूडी की निगरानी में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने किया था।
2016 में बनकर तैयार हुआ था पुल
बताया जा रहा है कि भाखड़ा नहर के ऊपर बने इस पुल का निर्माण एनएचएआई ने करवाया था और यह वर्ष 2016 में बनकर तैयार हुआ था। ऐसे में निर्माण के महज करीब 10 साल बाद पुल का ढह जाना इसकी गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, पुल गिरने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और इसका खुलासा विशेषज्ञ समिति की जांच के बाद ही हो सकेगा।
एनएचएआई ने प्रभावित हिस्से में सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने और जल्द से जल्द आवाजाही सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।


