नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिवाली की पूर्व संध्या पर भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात कर उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसले का जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने बताया कि शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को उनकी इच्छा के आधार पर दो साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उन्होंने इसे अग्निवीरों के लिए दिवाली का बड़ा तोहफा बताया।
रक्षा मंत्री ने दार्जिलिंग के बागडोगरा एयरफील्ड में भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात की और उनके साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अग्निवीरों को देश की सेवा करने का एक और अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा, ”शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को उनकी इच्छा के आधार पर दो साल का एक और कार्यकाल देने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। इससे उन्हें देश की सेवा करने का एक और मौका मिलेगा।”
राजनाथ सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में भारतीय सेना में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस फैसले को अग्निवीरों के लिए दिवाली का बड़ा उपहार बताते हुए कहा कि इससे युवाओं को सेना में सेवा जारी रखने का एक और मौका मिलेगा।
जवानों के त्याग और समर्पण को किया सलाम
दिवाली के मौके पर सेना के जवानों के बीच पहुंचकर रक्षा मंत्री ने उनके त्याग, समर्पण और देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान हर किसी को अपने घर और परिवार की याद आती है, लेकिन देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवान इन भावनाओं को अपने दिल में समेटकर पूरी तत्परता से देश की रक्षा करते हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा, ”त्योहार पर सभी को अपने घर की याद आती है। इन यादों को आप सभी अपने सीने में समेटकर देशवासियों की सुरक्षा में तत्पर हैं। इसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं है। मैं आपकी इस तपस्या का अभिनंदन करता हूं।”
उन्होंने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।
रक्षा मंत्री की इस घोषणा को अग्निवीरों के लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। इससे उन्हें सैन्य सेवा जारी रखने और देश की सुरक्षा में योगदान देने का अतिरिक्त मौका मिलेगा।
News written by Priyanka Thakur


