देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही दिवाली, अयोध्या से बस्तर तक दीपोत्सव की रौनक
नई दिल्ली: देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों से लेकर ऐतिहासिक इमारतों और शहरों के प्रमुख चौराहों तक हर तरफ रोशनी और सजावट देखने को मिल रही है। अयोध्या के राम मंदिर से लेकर दिल्ली, जयपुर और श्रीनगर तक दीपोत्सव की रौनक छाई हुई है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत देश-विदेश के कई नेताओं ने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। राजनीतिक नेताओं से लेकर सेना के जवानों तक हर कोई अपने-अपने अंदाज में इस पर्व को मना रहा है।
तेलंगाना: उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने गांव-गांव जाकर मनाई दिवाली
तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने मधिरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘मा इंदिरम्मा इंटिलो दीपावली’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पांच मंडलों के विभिन्न गांवों का दौरा किया और स्थानीय परिवारों के साथ दिवाली मनाई। कार्यक्रम में इंदिरम्मा इल्लू योजना के लाभार्थी भी शामिल हुए। इस पहल का उद्देश्य योजना के लाभार्थियों के घरों में जाकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करना था।
शाजिया इल्मी बोलीं- सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाकर पीएम दे रहे मजबूत संदेश
भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर साल जवानों के साथ दिवाली मनाकर एक मिसाल पेश करते हैं। इससे सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें प्रोत्साहन मिलता है।
उन्होंने कहा कि इस साल प्रधानमंत्री ने सीआरपीएफ जवानों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर को चुना, जिससे एक मजबूत संदेश गया है। शाजिया इल्मी के मुताबिक, एक समय बस्तर में नक्सलवाद और भय का माहौल था। वहां स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों तक पहुंच भी सीमित थी, लेकिन आज इस क्षेत्र में बदलाव, विकास और नई उम्मीद दिखाई दे रही है।
देशभर में दिवाली के अवसर पर उत्सव और उल्लास का माहौल है।


