Homeपंजाबपंजाब में 1,000 नए ग्रामीण खेल मैदानों का मुख्यमंत्री भगवंत मान ने...

पंजाब में 1,000 नए ग्रामीण खेल मैदानों का मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया उद्घाटन, अब तक 1,764 मैदान जनता को समर्पित

पंजाब में 1,000 नए ग्रामीण खेल मैदानों का मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया उद्घाटन, अब तक 1,764 मैदान जनता को समर्पित

चंडीगढ़, 11 नवंबर। पंजाब में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बड़ा कदम उठाते हुए राज्य भर में 1,000 नए ‘पेंडु खेड़ मैदानां’ का उद्घाटन किया। फतेहगढ़ साहिब के अमलोह हलके के गांव शाहपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इन खेल मैदानों को जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही राज्य में कुल 3,100 प्रस्तावित खेल मैदानों में से 1,764 मैदानों का उद्घाटन हो चुका है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें नशे के जाल से बचाने के लिए खेलों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन मैदानों में अभ्यास करने वाले युवा आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब भविष्य में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का बड़ा केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के तहत गांव-गांव में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य हर गांव में खेल संस्कृति विकसित करना है, ताकि युवा नशे की बजाय खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।

भगवंत मान ने बताया कि इस योजना के पहले चरण में 4 मई को 255 और दूसरे चरण में 24 अगस्त को 509 खेल मैदान जनता को समर्पित किए गए थे। अब तीसरे चरण में 1,000 और मैदानों का उद्घाटन किया गया है। इनमें फतेहगढ़ साहिब जिले के 93 खेल मैदान भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन मैदानों में छह फुट ऊंची चेन लिंक फेंसिंग, वॉकिंग ट्रैक, फुट लाइटें, हाई मास्ट लाइटें, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग शौचालय, पौधारोपण और बच्चों के लिए झूले व स्लाइड जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कुछ चयनित मैदानों में 400 मीटर के छह लेन वाले एथलेटिक्स ट्रैक भी बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक गांव को फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और क्रिकेट की खेल किट उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा युवाओं को मुफ्त प्रशिक्षण देने के लिए फुटबॉल और वॉलीबॉल कोच भी तैनात किए जाएंगे।

उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गांवों को न तो पर्याप्त ग्रांट मिलती थी और न ही विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाती थी। मान सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित कर रही है।

सरकार ने 3,100 ग्रामीण खेल मैदानों के निर्माण के लिए 1,500 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। इसके साथ ही 600 ग्रामीण जिम तैयार किए जा रहे हैं और खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments