Homeपंजाब1984 सिख दंगों पर सोनिया गांधी की किताब को लेकर मनजिंदर सिंह...

1984 सिख दंगों पर सोनिया गांधी की किताब को लेकर मनजिंदर सिंह सिरसा का हमला, बोले- पीड़ित परिवारों को आज तक नहीं मिला इंसाफ

1984 सिख दंगों पर सोनिया गांधी की किताब को लेकर सियासी विवाद तेज

चंडीगढ़/नई दिल्ली: दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने किताब में 1984 के सिख विरोधी दंगों के उल्लेख पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह किताब गांधी परिवार की छवि सुधारने की कोशिश है, जबकि दंगों के पीड़ित परिवारों को आज भी न्याय और जवाबदेही का इंतजार है।

मंत्री सिरसा ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से जुड़ी भावनाओं का उल्लेख किया है, लेकिन 1984 में मारे गए हजारों सिखों और उनके परिवारों के दर्द तथा न्याय की मांग पर पर्याप्त जवाब नहीं दिया। उन्होंने सवाल किया कि जब किताब में दो हजार से अधिक लोगों की मौत का जिक्र है, तो उन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम और जवाबदेही का उल्लेख क्यों नहीं किया गया?

जांच आयोगों की रिपोर्ट का दिया हवाला

सिरसा ने मारवाह जांच, रंगनाथ मिश्रा आयोग, आहूजा कमेटी, जैन-बनर्जी कमेटी और नानावती आयोग सहित विभिन्न जांचों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि कई आयोगों और समितियों ने कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी। इनमें सज्जन कुमार, जगदीश टाइटलर और एचकेएल भगत जैसे नेताओं के नाम शामिल रहे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट ने दिसंबर 2018 में सज्जन कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। फरवरी 2025 में 1984 के एक अन्य मामले में भी उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई।

कांग्रेस पर पीड़ितों की अनदेखी का आरोप

मंत्री ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवारों को मुआवजे, रोजगार और पुनर्वास के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने 2014 में प्रत्येक मृतक पीड़ित के परिवार को पांच लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता मंजूर की। वहीं, दिल्ली की भाजपा सरकार ने 2025 में 19 और दिसंबर 2025 में 36 नियुक्ति पत्र जारी किए। इस तरह 55 परिवारों के सदस्यों को सरकारी नौकरियां दी गईं।

सोनिया और राहुल गांधी से पांच सवाल

सिरसा ने सोनिया गांधी से पूछा कि जांच आयोगों में नाम आने के बावजूद कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक पद और टिकट क्यों दिए गए? पीड़ित परिवारों से मुलाकात क्यों नहीं की गई? पुनर्वास और नौकरियों में इतनी देरी क्यों हुई? क्या सोनिया और राहुल गांधी सिख समुदाय से बिना शर्त माफी मांगेंगे? और 1984 के पीड़ितों के मामले में राहुल गांधी की आवाज खामोश क्यों रहती है?

अंत में सिरसा ने कहा कि सिख समुदाय को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि सच्चाई, जवाबदेही और न्याय चाहिए। उन्होंने कहा कि किताब लिखने से इतिहास नहीं बदलता और 1984 के पीड़ितों के सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

News written by Priyanka Thakur

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments