HomeपंजाबAmritsar Police Action: 9 गिरफ्तार, 4 किलो हेरोइन और 5 पिस्तौल बरामद

Amritsar Police Action: 9 गिरफ्तार, 4 किलो हेरोइन और 5 पिस्तौल बरामद

चंडीगढ़/अमृतसर, 14 नवंबर 2026।

पंजाब पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियारों और नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो नाबालिगों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और 4 किलो हेरोइन बरामद की है। इसके साथ ही पुलिस ने इरादातन कत्ल और लूट के एक मामले को भी सुलझाने का दावा किया है।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत राज्य को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो .32 बोर पिस्तौल, एक 9 एमएम पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल और एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों का होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह, मलकीत सिंह उर्फ मीता, सुखदेव सिंह उर्फ सुख, करनदीप सिंह उर्फ कालू, रोहित उर्फ चोही, कवीजीत सिंह और संजय कुमार उर्फ मोटा के रूप में हुई है। इनके अलावा दो नाबालिगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कई आरोपियों के खिलाफ पहले भी लूट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

तीन अलग-अलग ऑपरेशन में हुई गिरफ्तारियां

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले ऑपरेशन में थाना कैंट पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर दो पिस्तौल, चार कारतूस और 4 किलो हेरोइन बरामद की। दूसरे ऑपरेशन में हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर दो .32 बोर पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए।

तीसरे ऑपरेशन में रोहित, कवीजीत और संजय कुमार को गिरफ्तार करके इरादातन कत्ल और लूट के मामले को सुलझाया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले तीन अज्ञात हमलावरों ने इंदरप्रीत सिंह पर गोलियां चलाई थीं, जिससे उसकी टांग में चोट आई थी। हमलावर उससे 3,000 रुपये नकद, एक नकली कड़ा और एक अंगूठी छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना ए-डिवीजन में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस संस्थानों को निशाना बनाने की साजिश का खुलासा

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आया है कि आरोपी संजय कुमार को विदेश में बैठे उसके हैंडलरों ने पुलिस संस्थानों को निशाना बनाने का काम सौंपा था। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पुलिस अन्य आरोपियों और इनके नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है, ताकि अवैध हथियारों और नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। इस कार्रवाई के संबंध में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments