चंडीगढ़, 14 नवंबर 2026।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के युवाओं के लिए एक अनूठी पहल करते हुए ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज प्रतियोगिता की शुरुआत की है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को ज्ञान, शिक्षा और सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की ओर लगाना है। इस प्रतियोगिता में पंजाब के 15 से 30 वर्ष की आयु के युवा हिस्सा ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि युवाओं के हाथों में किताबें हों, क्योंकि कलम ही किसी कौम की किस्मत बदल सकती है। युवाओं की सफलता ही पंजाब की असली तरक्की है और सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है।
10,000 युवाओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में जगह बनाने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में कुल 10,000 प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देने का प्रावधान है। इसके साथ ही युवाओं को डिजिटल प्रमाणपत्र और अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
पंजाब के इतिहास और संस्कृति से जुड़े होंगे सवाल
इस प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, गणित, एप्टीट्यूड और शासन व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसके लिए लगभग 50,000 प्रश्नों का बैंक तैयार किया गया है। सवाल चार विकल्पों वाले होंगे और इनमें से एक सही उत्तर चुनना होगा। प्रश्नों का स्तर कांस्टेबल, पटवारी और PCS जैसी सरकारी भर्ती परीक्षाओं के पैटर्न पर आधारित होगा।
15 से 28 नवंबर तक होगा रजिस्ट्रेशन
प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 15 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक किया जा सकेगा। इच्छुक युवा आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर, OTP और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रतिभागियों को अभ्यास के लिए मॉक क्विज की सुविधा भी मिलेगी।
17 दिसंबर को होगा ग्रैंड फिनाले
इस प्रतियोगिता में कुल 11 राउंड होंगे। पहले नौ राउंड ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे। ऑनलाइन क्विज राउंड 21, 23, 25, 27 और 29 नवंबर तथा 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को होंगे। इसके बाद 9 दिसंबर को सभी 23 जिलों में जिला स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक जिले का विजेता 17 दिसंबर को होने वाले राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले में पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद युवाओं को ज्ञान के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना और उन्हें आगे बढ़ने के नए अवसर देना है।


