फिरोजपुर, 14 नवंबर 2026।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि उनकी सरकार युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला और रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला बनाने के लिए काम कर रही है। शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और खेलों को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के बजट का 26 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा के लिए रखा गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को फिरोजपुर स्थित शहीद भगत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी के पहले कन्वोकेशन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और समाज की तरक्की में योगदान देने का आह्वान किया।
सीएम मान ने कहा कि वर्ष 2021 में 98 एकड़ में स्थापित इस यूनिवर्सिटी में फिलहाल 2,600 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा हासिल कर रहे हैं और अगले साल तक विद्यार्थियों की संख्या दोगुनी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में उच्च शिक्षा का बुनियादी ढांचा मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी इस क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा का प्रकाश स्तंभ बनकर उभर रही है।
चार साल में सरकारी स्कूलों का कायाकल्प
मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में हुए सुधार का जिक्र करते हुए बताया कि पंजाब के सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने हालिया NEET परीक्षा पास की है, जबकि वर्ष 2021 में यह संख्या केवल 80 थी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकारी शिक्षा व्यवस्था में आए बदलाव को दर्शाती है। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 1,794 करोड़ रुपये का बजट रख रही है। हाल ही में पंजाब में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की एशियाई हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की गई, जिससे राज्य के खिलाड़ियों को नए अवसर मिले हैं।
सेना में भर्ती के लिए लगाए जाएंगे तैयारी कैंप
सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए भर्ती जागरूकता और तैयारी कैंप आयोजित करेगी। उन्होंने बताया कि थल सेना प्रमुख और पश्चिमी कमान के अधिकारियों के साथ बैठक में भी इस संबंध में भरोसा दिया गया था। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक पंजाबी युवाओं को सिख रेजिमेंट सहित भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे अपने सपनों को केवल डॉक्टर और इंजीनियर बनने तक सीमित न रखें। पंजाब को पेशेवरों, उद्यमियों, खिलाड़ियों और राष्ट्र निर्माताओं की जरूरत है। उन्होंने माता-पिता से भी बच्चों की रुचि और प्रतिभा को समझकर उनके सपनों को पूरा करने में सहयोग देने की अपील की।
सीएम मान ने विद्यार्थियों को UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और IAS तथा IPS अधिकारी बनकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा विदेशों में अवसर तलाशने के साथ-साथ अपनी मातृभूमि पंजाब की तरक्की में योगदान देने को भी प्राथमिकता दें।


