यूपी चुनाव: सीट बंटवारे पर 17 नवंबर से सपा-कांग्रेस में शुरू होगी बातचीत, कांग्रेस ने 181 सीटों पर ठोका दावा
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर जल्द ही औपचारिक बातचीत शुरू होने जा रही है। कांग्रेस ने गठबंधन में करीब 181 विधानसभा सीटों पर अपना दावा पेश किया है। दोनों दलों के बीच 17 नवंबर से सीटों के बंटवारे को लेकर मंथन शुरू होने की संभावना है।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, चुनावी रणनीति और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस इस बार सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
17 नवंबर से सीटों पर शुरू होगा विचार-विमर्श
यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि कांग्रेस की ओर से करीब 181 विधानसभा सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी जा चुकी है। दोनों दलों के बीच 17 नवंबर के बाद औपचारिक बातचीत का सिलसिला शुरू होगा। इसके लिए दोनों पार्टियों की ओर से कमेटियां गठित की जा रही हैं।
इन कमेटियों के सदस्य विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक समीकरण, उम्मीदवारों की स्थिति और चुनाव जीतने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। दोनों दल जिन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं, उन पर आपसी सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।
सीटों की संख्या से ज्यादा जीत पर रहेगा जोर
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य केवल सीटों की संख्या तय करना नहीं, बल्कि गठबंधन के माध्यम से अधिक से अधिक सीटें जीतना है। दोनों पार्टियां मिलकर मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार मैदान में उतारना चाहती हैं, ताकि भाजपा को सत्ता से बाहर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन में बराबर और सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है। सीटों के बंटवारे पर कमेटियों के बीच होने वाली बातचीत के बाद रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी। अंतिम फैसला दोनों दलों के वरिष्ठ नेता करेंगे।
शीर्ष नेतृत्व की मुहर के बाद होगा सीटों का ऐलान
सपा और कांग्रेस की कमेटियों के बीच सहमति बनने के बाद सीटों की सूची शीर्ष नेतृत्व के सामने रखी जाएगी। इसके बाद गठबंधन में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इसका अंतिम ऐलान किया जाएगा।
फिलहाल कांग्रेस के 181 सीटों पर दावे और 17 नवंबर से शुरू होने वाली बातचीत ने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर कितनी सहमति बनती है।
News written by Priyanka Thakur


