Homeपंजाबपंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत, CM मान ने...

पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत, CM मान ने की ऑनलाइन स्व-गणना

चंडीगढ़/संगरूर, 16 नवंबर 2026।

पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को अपने परिवार सहित ऑनलाइन स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया पूरी कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज करवाएं और इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जनगणना के दौरान एकत्रित होने वाला डेटा पंजाब के भविष्य की योजनाओं, विकास नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन स्व-गणना के लिए किसी भी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी और नागरिकों की ओर से दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना अधिकारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी एकत्रित करेंगे। दूसरे चरण में परिवार के सदस्यों, उनकी शिक्षा, आय, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, प्रवास और अन्य जनसांख्यिकीय पहलुओं से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी।

भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने स्वयं इस प्रक्रिया को पूरा किया है और यह बेहद सरल एवं सुविधाजनक है। इसमें लगभग 25 से 30 मिनट का समय लगता है। उन्होंने लोगों से बिना किसी झिझक के अपनी सही जानकारी दर्ज करवाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत में 16 वर्षों के अंतराल के बाद जनगणना की जा रही है। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना है, जिसमें मोबाइल एप्लीकेशन और ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

उन्होंने कहा कि जनगणना के पहले चरण में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग से संबंधित जानकारी एकत्रित की गई थी। इसमें मकानों की स्थिति, उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और घरेलू संपत्तियों से संबंधित विवरण शामिल थे। पंजाब में पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने जनगणना अधिकारियों, एन्यूमरेटरों, सुपरवाइजरों, मास्टर ट्रेनरों और प्रशासनिक कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता में उनकी अहम भूमिका है।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह पंजाब के भविष्य की विकास योजनाओं और सामाजिक-आर्थिक नीतियों की मजबूत नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस अवसर पर डायरेक्टर जनगणना संचालन पंजाब डॉ. नवजोत खोसा ने मुख्यमंत्री को दूसरे चरण की स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

News written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments