Homeपंजाबपंजाब में मछली उत्पादन 2.11 लाख टन पहुंचा, मत्स्य पालन क्षेत्र में...

पंजाब में मछली उत्पादन 2.11 लाख टन पहुंचा, मत्स्य पालन क्षेत्र में शानदार वृद्धि

पंजाब में मत्स्य पालन क्षेत्र ने पकड़ी रफ्तार, 2.11 लाख टन तक पहुंचा मछली उत्पादन: गुरमीत सिंह खुड्डियां

चंडीगढ़, 20 नवंबर। पंजाब में मत्स्य पालन क्षेत्र लगातार तरक्की कर रहा है। राज्य में सालाना मछली उत्पादन बढ़कर 2.11 लाख टन तक पहुंच गया है, जबकि करीब 45,156 एकड़ क्षेत्र में मछली पालन किया जा रहा है। विश्व मत्स्य पालन दिवस (21 नवंबर) की पूर्व संध्या पर पंजाब के पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी विकास एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने यह जानकारी साझा की।

कैबिनेट मंत्री ने किसानों, मछली पालकों और इस क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को विश्व मत्स्य पालन दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मत्स्य पालन न केवल किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम है, बल्कि इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर मछली पालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने की अपील की।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने और मत्स्य पालन क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाकर उनकी आय के नए स्रोत विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि राज्य में झींगा पालन को भी तेजी से प्रोत्साहित किया जा रहा है। विशेषकर खारे पानी से प्रभावित क्षेत्रों में झींगा पालन किसानों के लिए आय का अच्छा विकल्प बनकर उभरा है। अब तक 1,033.51 हेक्टेयर क्षेत्र को झींगा पालन के अधीन लाया जा चुका है।

गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि पंजाब में 16 सरकारी मछली फार्म कार्यरत हैं, जो हर साल करीब 18 करोड़ मछली बीज (पुंग) का उत्पादन कर रहे हैं। इससे मछली पालकों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध करवाने में मदद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत भी किसानों और उद्यमियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के अंतर्गत सामान्य लाभार्थियों को 40 प्रतिशत और महिलाओं तथा अनुसूचित जाति के लाभार्थियों को 60 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है। अब तक पंजाब में 867 लाभार्थियों को 39.28 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता जारी की जा चुकी है।

मंत्री ने बताया कि पंजाब स्टेट फिशरीज डेवलपमेंट बोर्ड किसानों को तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। इसके अलावा सतलुज, रावी और ब्यास नदियों में प्रतिवर्ष मछली बीज छोड़कर जलीय जैव विविधता के संरक्षण के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने युवाओं और किसानों से मछली एवं झींगा पालन को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि पंजाब सरकार इस क्षेत्र को टिकाऊ और लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखेगी।

News written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments