चंडीगढ़, 20 नवंबर। पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पंजाब पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें पड़ोसी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ केंद्रीय एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा और पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने की। बैठक का संचालन आईजीपी काउंटर इंटेलिजेंस एवं राज्य पुलिस नोडल अधिकारी (चुनाव) आशीष चौधरी ने किया। यह बैठक पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों के तहत आयोजित की गई।
बैठक में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं राज्य नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अलावा बीएसएफ, सीआरपीएफ, रेलवे सुरक्षा बल, खुफिया ब्यूरो, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तथा विभिन्न राज्यों के औषधि नियंत्रकों और आबकारी एवं कर विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक में चुनाव के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और सांप्रदायिक तनाव जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए साझा रणनीति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही वांछित अपराधियों, गैंगस्टर नेटवर्क और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए राज्यों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने नशीले पदार्थों, अवैध शराब, हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने के लिए विशेष रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर पड़ोसी राज्यों के साथ संयुक्त अभियान चलाने के मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे।
बैठक के दौरान रियल टाइम खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के बीच त्वरित सूचना साझा करने और पड़ोसी जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ बेहतर संचार व्यवस्था स्थापित करने से चुनाव संबंधी सुरक्षा चुनौतियों से समय रहते निपटा जा सकेगा।
बैठक में शामिल सभी एजेंसियों ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
News written by Priyanka Thakur


