Homeपंजाबपंजाब में मिशन क्लीन पंजाब 3.0 शुरू, 166 शहरी निकायों के हर...

पंजाब में मिशन क्लीन पंजाब 3.0 शुरू, 166 शहरी निकायों के हर वार्ड की 8 समस्याएं होंगी दूर

चंडीगढ़, 27 नवंबर: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्य के शहरी क्षेत्रों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘मिशन क्लीन पंजाब 3.0’ की शुरुआत की है। स्थानीय सरकार मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस अभियान का शुभारंभ करते हुए बताया कि इसके तहत राज्य की सभी 166 शहरी स्थानीय निकायों के प्रत्येक वार्ड की आठ प्रमुख नागरिक समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि मिशन क्लीन पंजाब 3.0 केवल कूड़ा उठाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहरी बुनियादी ढांचे में सुधार और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के तहत कूड़े के संवेदनशील स्थानों, निर्माण एवं मलबे के ढेर, जलभराव, खुले या टूटे मैनहोल, सड़कों के गड्ढे, टूटे या चोरी हुए कर्बस्टोन, खराब स्ट्रीट लाइटों और अंधेरी गलियों की समस्याओं को दूर किया जाएगा।

एम-सेवा ऐप पर शिकायत कर सकेंगे नागरिक

हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पेस्को कर्मचारियों की टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें वार्डों में जाकर समस्याओं की पहचान करेंगी और उन्हें पंजाब एम-सेवा ऐप तथा वेब पोर्टल पर दर्ज करेंगी। नागरिक भी इन माध्यमों से अपने क्षेत्र की समस्याओं की शिकायत कर सकेंगे। प्रत्येक शिकायत की जियो-टैगिंग की जाएगी और समाधान होने तक उसकी ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।

अधिकारियों को रोजाना दो घंटे फील्ड में रहना अनिवार्य

मंत्री ने कहा कि अभियान में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को रोजाना कम से कम दो घंटे शहरी वार्डों का निरीक्षण करना होगा। चुने हुए प्रतिनिधि भी अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करेंगे। इसके अलावा राज्य स्तर पर सभी शहरी निकायों की रोजाना प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि काम में किसी तरह की लापरवाही न हो।

मिशन क्लीन पंजाब 2.0 में 90 प्रतिशत शिकायतों का निपटारा

पिछले अभियान की सफलता का जिक्र करते हुए बैंस ने बताया कि 29 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चलाए गए मिशन क्लीन पंजाब 2.0 के दौरान कुल 31,802 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें से 28,686 शिकायतों का समाधान किया गया, जो लगभग 90 प्रतिशत है। कुल 2,935 शिकायतें लंबित रहीं, जबकि 181 शिकायतें अयोग्य या रद्द पाई गईं।

उन्होंने बताया कि 166 में से 93 शहरी निकायों ने 90 प्रतिशत या इससे अधिक शिकायतों का निपटारा किया। सनौर, खन्ना, सुनाम, बनूड़ और भुलथ सहित 18 शहरी निकायों ने 100 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया।

नगर निगमों में अमृतसर 96 प्रतिशत शिकायतों के निपटारे के साथ सबसे आगे रहा। जालंधर, पटियाला, बठिंडा और मोहाली ने भी 94 प्रतिशत समाधान दर हासिल की।

हरजोत सिंह बैंस ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास की समस्याओं की एम-सेवा ऐप पर रिपोर्ट करें और सरकार के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि पंजाब के हर शहरी वार्ड को स्वच्छ और आदर्श वार्ड बनाया जा सके।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments