Homeपंजाबपंजाब के लोग विकास के लिए फिर चुनेंगे AAP सरकार: CM भगवंत...

पंजाब के लोग विकास के लिए फिर चुनेंगे AAP सरकार: CM भगवंत मान, बोले- भाजपा ने क्षेत्रीय पार्टियों को कमजोर किया, अब अकाली दल की बारी

चंडीगढ़, 29 नवंबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया है कि राज्य के लोग पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए एक बार फिर आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार चुनेंगे। रविवार को विधानसभा हलका दाखा के गांव हांस कलां में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली दल ने 25 साल तक लोगों को गुमराह किया और अब सत्ता की लालसा में भाजपा के साथ हाथ मिला लिया है, जबकि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में 750 किसानों ने अपनी जान गंवाई थी।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि भाजपा अपने साथ आने वाली क्षेत्रीय पार्टियों को धीरे-धीरे कमजोर कर देती है। उन्होंने नीतीश कुमार, शरद पवार और उद्धव ठाकरे का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र, बिहार और अन्य राज्यों में अपने सहयोगियों की राजनीतिक ताकत को कमजोर किया है और अब अकाली दल की बारी है।

भगवंत मान ने कहा कि अकाली दल पहले किसान आंदोलन, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, पंजाब यूनिवर्सिटी और सिख संस्थाओं के मुद्दों पर भाजपा की आलोचना करता था, लेकिन अब राजनीतिक फायदे के लिए उसी पार्टी के साथ गठबंधन कर लिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग तीन कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष में किसानों के बलिदान को कभी नहीं भूलेंगे।

शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का मुख्य ध्यान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, किसानों को दिन के समय बिजली, नहरी पानी और गांवों के विकास पर है। उन्होंने बताया कि पंजाब में करीब 14,000 किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइनें बिछाई गई हैं और नहरी पानी के इस्तेमाल को 22 प्रतिशत से बढ़ाकर लगभग 85 प्रतिशत किया गया है।

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब प्राथमिक शिक्षा में देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है। शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण देने के लिए फिनलैंड, सिंगापुर और आईआईएम भेजा जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश में लगभग 1,200 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को मुफ्त दवाइयां और जांच सुविधाएं मिल रही हैं।

1 दिसंबर को महिलाओं को मिलेगी अगली किस्त

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ को लेकर घोषणा की कि इसकी अगली किस्त 1 दिसंबर को राज्य स्तरीय समारोह के दौरान जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि लाभार्थी महिलाओं के मोबाइल फोन पर भुगतान संबंधी संदेश आएगा। सरकार महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हलवारा एयरपोर्ट का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने की मांग

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर हलवारा हवाई अड्डे का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और ग्रामीण विकास के जरिए पंजाब के लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments