HomeपंजाबCM भगवंत मान का दावा- पंजाब में फिर बनेगी AAP सरकार, 1...

CM भगवंत मान का दावा- पंजाब में फिर बनेगी AAP सरकार, 1 दिसंबर को महिलाओं को मिलेगी किस्त

चंडीगढ़/लुधियाना, 29 नवंबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को विधानसभा हलका दाखा के गांव हांस कलां में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान दावा किया कि पंजाब के लोग राज्य की तरक्की और खुशहाली के लिए एक बार फिर आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार चुनेंगे। उन्होंने अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अकाली दल ने 25 साल तक लोगों को गुमराह करके सत्ता का लाभ उठाया है। अब राजनीतिक स्वार्थ के लिए उसी भाजपा के साथ हाथ मिला लिया है, जिसके खिलाफ वह पहले किसानों और पंजाब के अधिकारों के मुद्दे पर आवाज उठाता रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने साथ आने वाली क्षेत्रीय पार्टियों को धीरे-धीरे कमजोर कर देती है। उन्होंने नीतीश कुमार, शरद पवार और उद्धव ठाकरे का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा इसी तरह अकाली दल को भी निगल जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान शहीद हुए 750 किसानों के बलिदान को भुलाकर भाजपा से गठबंधन किया है।

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार का मुख्य एजेंडा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, किसानों को दिन के समय बिजली, नहरी पानी और गांवों का विकास है। सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली देने के साथ सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में लगभग 14,000 किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइनें बिछाई गई हैं और नहरी पानी के उपयोग को 22 प्रतिशत से बढ़ाकर करीब 85 प्रतिशत किया गया है।

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने प्राथमिक शिक्षा में देशभर में शीर्ष स्थान हासिल किया है। शिक्षकों को फिनलैंड, सिंगापुर और आईआईएम में प्रशिक्षण के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, प्रदेश में लगभग 1,200 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को मुफ्त दवाइयां और जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ की अगली किस्त 1 दिसंबर को जारी की जाएगी। इस दिन लाभार्थी महिलाओं के मोबाइल फोन पर भुगतान का संदेश आएगा। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और अकाली दल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारें निजी हितों और सत्ता की राजनीति में उलझी रहीं, जबकि वर्तमान सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास पर काम कर रही है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से हलवारा हवाई अड्डे का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के विकास और सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम करती रहेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments