Thursday, October 23, 2025
Homeपंजाब11वीं यूके राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप कार्डिफ़ में सफलतापूर्वक संपन्न, सांसद तनमनजीत सिंह...

11वीं यूके राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप कार्डिफ़ में सफलतापूर्वक संपन्न, सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी हुए शामिल

चंडीगढ़, 16 सितंबर 2025 – यूके की ग्यारहवीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप इस बार वेल्स की राजधानी कार्डिफ़ में पहली बार आयोजित की गई। यह आयोजन गत्तका फेडरेशन यूके द्वारा बड़े उत्साह और जोश के साथ सम्पन्न हुआ। इस चैंपियनशिप में सात प्रमुख गतका अखाड़ों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपने दांव-पेंचों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व गतका फेडरेशन और नेशनल गतका एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने किया। इस अवसर पर सांसद और गतका फेडरेशन यूके के अध्यक्ष तनमनजीत सिंह ढेसी, जगबीर सिंह जग्गा, जसपाल सिंह ढेसी और केवल सिंह रंधावा समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

 

प्रतियोगिता के परिणाम

 

इस बार मुकाबले केवल फरी-सोटी (व्यक्तिगत) वर्ग में हुए।

 

14 वर्ष से कम आयु वर्ग में अकाली फूला सिंह गतका अखाड़ा, कोवेन्ट्री की रूप कौर ने पहला स्थान हासिल किया।

 

17 वर्ष से कम आयु वर्ग में बाबा फतेह सिंह अखाड़ा, वूलविच के नवजोत सिंह ने जीत दर्ज की।

 

18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में जंगी हॉर्सिज क्लब, वुल्वरहैम्पटन के गुरदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।

 

 

विजेता खिलाड़ियों को पदक और सम्मान चिन्ह प्रदान किए गए। वहीं, अधिकतम भागीदारी और प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए गतका फेडरेशन यूके ने सभी भाग लेने वाले अखाड़ों को 1,000 पाउंड की सहायता राशि दी।

 

सांसद ढेसी का संबोधन

 

विजेताओं को बधाई देते हुए सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी ने कहा कि यूके में युवाओं द्वारा गतका खेल में बढ़ती दिलचस्पी गर्व की बात है। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब वेल्स और स्थानीय संगत का विशेष धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से यह आयोजन संभव हुआ।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार की तरह ही विदेशों में भी भारतीय परंपराओं और विरासत को संरक्षित करना महत्वपूर्ण है। ढेसी ने भरोसा दिलाया कि आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और बड़ा रूप दिया जाएगा।

 

हरजीत सिंह ग्रेवाल की प्रतिक्रिया

 

विश्व गतका फेडरेशन के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने सांसद ढेसी के योगदान को सराहते हुए कहा कि वर्ष 2013 से लगातार यूके में गतका प्रतियोगिताएं करवाना उनकी दूरदर्शिता और सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने वादा किया कि नेशनल और वर्ल्ड फेडरेशन यूके को आगे भी हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments