हरपाल सिंह चीमा ने कर्मचारी यूनियनों और नंबरदारों के साथ की बैठक, आउटसोर्स कर्मचारियों को अनुबंध पर लाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
चंडीगढ़, 23 नवंबर 2026। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सोमवार को कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर तीन कर्मचारी यूनियनों और पंजाब नंबरदार यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को कर्मचारियों की जायज मांगों का जल्द समाधान करने और लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठकों के दौरान हरपाल सिंह चीमा ने सभी यूनियनों के प्रतिनिधियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों की अधिकांश जायज मांगें पहले से ही विचाराधीन हैं और अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
सांझा मुलाजिम मंच, पुड्डा के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में पेंशन से संबंधित मांगों पर चर्चा हुई। वित्त मंत्री ने वित्त विभाग के विशेष सचिव को यूनियन के मांग-पत्र का सहानुभूतिपूर्वक अध्ययन करने और पेंशन संबंधी प्रमुख मांग का बेहतर संभव समाधान सुझाने के निर्देश दिए।
वहीं, इनलिस्टमेंट आउटसोर्स तालमेल कमेटी और ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करते हुए मंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक विभागों को यूनियन प्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और लंबित मामलों की ताजा स्थिति साझा करने के निर्देश दिए।
आउटसोर्स कर्मचारियों के मुद्दे पर विशेष जोर देते हुए हरपाल सिंह चीमा ने सभी प्रशासनिक विभागों को निर्देश दिया कि निर्धारित श्रेणियों के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को अनुबंध पर लाने से संबंधित मामले जल्द कार्मिक विभाग के पास भेजे जाएं। इससे अधिकारियों की समिति समय पर इन मामलों पर निर्णय ले सकेगी। उन्होंने अधिनियम से जुड़े किसी भी स्पष्टीकरण के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्मिक विभाग से संपर्क करने को भी कहा, ताकि कर्मचारियों को भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
इसके अलावा पंजाब नंबरदार यूनियन के प्रतिनिधियों ने मान-भत्ते में वृद्धि की मांग उठाई। इस पर वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मांग पर विचार कर रही है और जल्द निर्णय लिया जाएगा।
बैठकों में सांझा मुलाजिम मंच, पुड्डा, पंजाब नंबरदार यूनियन, इनलिस्टमेंट आउटसोर्स तालमेल कमेटी और ठेका मुलाजिम संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और अपनी मांगें रखीं।
हरपाल सिंह चीमा ने दोहराया कि पंजाब सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके समग्र कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
news written by Priyanka Thakur


