चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 26 नवंबर को पार्टी के 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर मोगा में एक बड़ी मेगा रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली के जरिए पार्टी पूरे पंजाब में अपनी राजनीतिक ताकत और चुनावी रणनीति का संदेश देने की तैयारी में है।
इस रैली की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि आम आदमी पार्टी की ओर से अब तक घोषित किए गए सभी 71 उम्मीदवार एक ही मंच पर नजर आएंगे। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सभी विधानसभा हलकों के इंचार्ज और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी रैली में शामिल होंगे।
पंजाब की राजनीति में यह एक अहम आयोजन माना जा रहा है। पहली बार पार्टी के घोषित 71 उम्मीदवार राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ एक मंच साझा करेंगे। इसके जरिए पार्टी अपने उम्मीदवारों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल मजबूत करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने का संदेश देगी।
मोगा को चुनने के पीछे खास राजनीतिक रणनीति
मोगा को रैली के लिए चुनने के पीछे भी राजनीतिक महत्व है। मालवा क्षेत्र के बीच स्थित मोगा पंजाब में बड़ी राजनीतिक रैलियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से लुधियाना, फिरोजपुर, फरीदकोट और बरनाला जैसे जिलों तक पहुंच आसान है। वहीं जालंधर के रास्ते दोआबा क्षेत्र से भी इसका सीधा संपर्क है। ऐसे में मोगा से उठने वाला राजनीतिक संदेश मालवा के साथ दोआबा और माझा तक पहुंचाने की रणनीति है।
पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 69 मालवा, 23 दोआबा और 25 माझा क्षेत्र में आती हैं। आम आदमी पार्टी अब तक 71 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भी पार्टी अपने उम्मीदवार तय कर चुकी है।
सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड होगा पेश
आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीतकर पंजाब में सरकार बनाई थी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार अब अपने करीब पांच साल के कार्यकाल के कामकाज को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है।
रैली में सरकार की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा। इनमें मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा, सरकारी स्कूलों में सुधार और युवाओं को रोजगार देने जैसे मुद्दे शामिल रहने की उम्मीद है।
इसके साथ ही पार्टी नेतृत्व पंजाब के अगले पांच वर्षों के विकास का रोडमैप भी जनता के सामने रख सकता है। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के संबोधन में किसानों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर विशेष जोर रहने की संभावना है।
कुल मिलाकर मोगा की यह रैली आम आदमी पार्टी के लिए केवल स्थापना दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक एकजुटता और राजनीतिक ताकत दिखाने का बड़ा मंच बनने जा रही है।
news written by Priyanka Thakur


