Homeपंजाबगुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कुलतार सिंह संधवां ने...

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कुलतार सिंह संधवां ने दी बधाई, मानवता का संदेश दिया

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कुलतार सिंह संधवां ने दी बधाई, बोले- सत्य, ईमानदारी और मानवता के मार्ग पर चलें लोग

चंडीगढ़, 23 नवंबर 2026। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर पंजाबवासियों सहित देश-विदेश में रहने वाले पंजाबियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और सत्य, सद्भावना तथा मानवता के मार्ग पर चलने की अपील की।

अपने संदेश में कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को धर्म, सच्चाई और ईमानदारी का रास्ता दिखाया। प्रत्येक व्यक्ति को गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलते हुए मेहनत और ईमानदारी से अपनी आजीविका अर्जित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को बुराइयों का त्याग कर हमेशा सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए और हक-हलाल की कमाई से अपना जीवन व्यतीत करना चाहिए।

प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी की महान आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए स्पीकर ने कहा कि गुरु साहिब ने संपूर्ण मानवता को अनमोल शिक्षाओं की सौगात दी है। उनकी शिक्षाएं हमें ‘सरबत के भले’ यानी पूरी मानवता की सुख-समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना करने तथा कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।

इस पावन अवसर पर संधवां ने गुरु साहिब के चरणों में अरदास की कि अकाल पुरख विश्वभर में रहने वाले सभी लोगों को खुशियां, उत्तम स्वास्थ्य और आपसी प्रेम, सद्भावना एवं भाईचारे से परिपूर्ण जीवन प्रदान करें। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने मानवता को आध्यात्मिक ज्ञान और जीवन मूल्यों का ऐसा अनमोल खजाना दिया है, जिसका ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता।

श्री गुरु नानक देव जी की चार उदासियों का जिक्र करते हुए स्पीकर ने कहा कि गुरु साहिब ने चारों दिशाओं में पैदल यात्राएं कर लोगों को ईमानदारी से जीवन जीने, सत्य के मार्ग पर अडिग रहने, मेहनत से कमाई करने और अपनी कमाई जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाने का संदेश दिया।

उन्होंने सभी लोगों से गुरु साहिब के सार्वभौमिक और सर्वसाझे सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। संधवां ने कहा कि विश्वभर में बसे पंजाबी गुरु साहिब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए अपनी मेहनत, लगन और उच्च नैतिक मूल्यों के दम पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

news written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments