Homepunjabबरिंदर कुमार गोयल ने लिफ्ट सिंचाई परियोजना का उद्घाटन, 4500 एकड़ भूमि...

बरिंदर कुमार गोयल ने लिफ्ट सिंचाई परियोजना का उद्घाटन, 4500 एकड़ भूमि को मिलेगा नहरी पानी

चंडीगढ़/श्री चमकौर साहिब, 23 अप्रैल:
पंजाब सरकार द्वारा किसानों की भलाई और कृषि को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक अहम कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने गांव ओइंद में लिफ्ट सिंचाई परियोजना का उद्घाटन किया। यह परियोजना श्री चमकौर साहिब तहसील के उन गांवों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है, जो अब तक नहरी पानी से वंचित थे और जहां भूजल स्तर लगातार गिर रहा था।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र ऐतिहासिक महत्व रखता है, लेकिन यहां से गुजरने वाली प्रमुख नहरें—सरहिंद नहर और भाखड़ा मेन लाइन नहर—होने के बावजूद कई गांवों को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध नहीं था। इसके चलते छोटे किसानों को पानी के लिए अन्य जमींदारों पर निर्भर रहना पड़ता था।

उन्होंने बताया कि लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए इस लिफ्ट सिंचाई योजना को तैयार किया गया है। इस परियोजना के तहत भाखड़ा मेन लाइन नहर के समराला मेजर सिस्टम से पानी को लिफ्ट कर लगभग 900 मिलीमीटर व्यास वाली मुख्य पाइप के माध्यम से गांव गग्गों में बनाए जाने वाले डी-टैंक तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद चार अलग-अलग वितरण प्रणालियों के जरिए आसपास के गांवों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

मंत्री ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 44.83 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इससे करीब 4500 एकड़ कृषि योग्य भूमि को नहरी पानी की सुविधा मिलेगी। इस योजना का लाभ श्री चमकौर साहिब, सलोमाजरा, गग्गों, गधराम खुर्द, गधराम कलां, पिप्पलमाजरा, रुड़की, तालापुर, दुग्गरी, कोटली, कमालपुर और रामपुर बेट सहित कई गांवों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों की आय में भी इजाफा होगा। पंजाब सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी प्रोजेक्ट लागू किए जाते रहेंगे।

इस मौके पर विधायक डॉ. चरनजीत सिंह ने मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कर रही है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments