दादू माजरा कॉलोनी में सुरक्षा की मांग तेज, CCTV कैमरे लगाने को लेकर सांसद को सौंपा ज्ञापन
चंडीगढ़, 19 अप्रैल 2026 | प्रियंका ठाकुर
चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 26 स्थित दादू माजरा कॉलोनी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में चिंता बढ़ती जा रही है। इसी के चलते कॉलोनीवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई है और सांसद मनीष तिवारी को ज्ञापन सौंपकर CCTV कैमरे लगाने की अपील की है।
प्रदेश कांग्रेस के सचिव नरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने सांसद से मुलाकात की। इस दौरान हरजिंदर सिंह, कुलदीप सिंह सैनी, सुभाष सूद, बबीता चंडालिया, सोनिया जसवाल, कनु शर्मा, अनूप रावत, अक्षय सूद, जॉय और हैप्पी सिंह सहित कई निवासी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कॉलोनी में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अपराधी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। कॉलोनी में CCTV कैमरों की अनुपस्थिति के कारण अपराधियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
नरेंद्र चौधरी ने सांसद से मांग की कि कॉलोनी के मुख्य प्रवेश और निकास मार्गों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर जल्द से जल्द उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाए जाएं। उनका कहना है कि इससे न केवल अपराध पर अंकुश लगेगा, बल्कि लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।
सांसद मनीष तिवारी ने शिष्टमंडल की बातों को ध्यान से सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई होगी, जिससे दादू माजरा कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।


