चंडीगढ़, 20 सितंबर: हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दायरे का विस्तार किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अब 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि विस्तारित पात्रता के तहत आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया गया है और पात्र महिलाओं को 1 नवंबर से योजना का लाभ दिए जाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार पहले 1 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवार इस योजना के लिए पात्र थे। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये देने का प्रावधान किया गया है। सरकार के मुताबिक अब तक 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ऑनलाइन माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है।
नायब सिंह सैनी रविवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा में 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि ग्रुप डी से लेकर एचसीएस तक सरकारी नियुक्तियों में योग्यता को आधार बनाया जा रहा है।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कालीरानो गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपये और लाइब्रेरी की किताबों के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। सुल्तानपुर गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपये और गुरुद्वारा साहिब के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अलावा सोंटी, बीड़ सोंटी और संबंधित गुरुद्वारा साहिब के लिए 21-21 लाख रुपये देने की घोषणाएं की गईं। इन घोषणाओं की कुल राशि 1.12 करोड़ रुपये बताई गई।
किसानों से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश की 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने की व्यवस्था शुरू की है। उन्होंने भावांतर भरपाई योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि मंडियों में फसल का भाव कम मिलने पर भाव के अंतर की भरपाई सरकार द्वारा की जाती है।
मुख्यमंत्री ने फसल खराबे के मुआवजे को लेकर भी सरकार का पक्ष रखा। उनके अनुसार पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान 137 करोड़ रुपये की राशि दी गई थी, जबकि मौजूदा सरकार ने किसानों को फसल खराबे के लिए 16,500 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने नागरिकों से 217 वादे किए थे, जिनमें से 70 वादे पूरे किए जा चुके हैं और बाकी पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, नेशनल हाईवे और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
News Written by Priyanka Thakur


