चंडीगढ़, 23 अप्रैल:
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में Suzuki Motor Corporation के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने मुलाकात की। इस अहम बैठक में सुजुकी ने हरियाणा में भविष्य में और निवेश करने का भरोसा दिया।
बैठक के दौरान तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि उनकी कंपनी भारत के साथ-साथ हरियाणा के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए नया प्लांट स्थापित किया जाता है, तो हरियाणा निवेश के लिए प्राथमिक विकल्प रहेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार पहले भी सुजुकी को सहयोग देती रही है और आगे भी निवेश को बढ़ावा देने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सुजुकी मोटर को एसजीएसटी इंसेंटिव भी प्रदान किया है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिली है।
बैठक में ऑटोमोबाइल सेक्टर के भविष्य पर भी चर्चा हुई। तोशीहिरो सुजुकी ने बताया कि कंपनी भारत में हाईब्रिड और सीएनजी वाहनों पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके अलावा कंप्रेस्ड बायोगैस के क्षेत्र में भी निवेश बढ़ाने की योजना है, जिसके तहत 9 बायोगैस प्लांट लगाने की योजना बनाई गई है, जिनमें से 2 पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने हरियाणा के खरखौदा प्लांट में स्ट्रॉन्ग हाईब्रिड गाड़ियों के निर्माण की योजना का भी जिक्र किया और राज्य सरकार से सहयोग की मांग की। मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान जापान और हरियाणा के बीच सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जापान में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव आयोजित करने की जानकारी दी और 20 जून को टोक्यो विश्वविद्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार में शामिल होने के लिए सुजुकी के सीईओ को आमंत्रित किया।
इसके अलावा कुरुक्षेत्र और जापान के बीच सिस्टर सिटी समझौते पर भी बातचीत हुई, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध मजबूत होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और औद्योगिक निवेश को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।


