ई-20 पर केजरीवाल का बड़ा हमला, सरकार शुद्ध पेट्रोल का विकल्प दे और पेट्रोल 84 रुपये प्रति लीटर से कम करे
नई दिल्ली, 1 अगस्त | प्रियंका ठाकुर | www.24ghantenews.com
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई-20 में केंद्र सरकार की ई-20 नीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देशवासियों को हर पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल और ई-20 दोनों का विकल्प मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग की कि ई-20 की कीमत शुद्ध पेट्रोल से कम हो और पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से नीचे लाई जाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश में लोगों पर जबरन ई-20 थोप रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्ष भारत ने अमेरिका से लगभग 1 बिलियन लीटर इथेनॉल आयात किया था, जबकि इस वर्ष ई-20 लागू होने के बाद यह आयात पांच गुना तक बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस नीति से जुड़े सभी वैज्ञानिक अध्ययन और रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए ताकि देश के सामने पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सके।
केजरीवाल ने कहा कि सरकार के मंत्री लगातार ई-20 को पूरी तरह सुरक्षित बता रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में वाहन मालिक माइलेज कम होने और इंजन में खराबी की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने एक निजी सर्वेक्षण का हवाला देते हुए दावा किया कि बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने ई-20 के कारण प्रदर्शन प्रभावित होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास ई-20 के समर्थन में कोई आधिकारिक वैज्ञानिक रिपोर्ट है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब तक देश में ई-100 तकनीक के अनुरूप वाहन बड़े स्तर पर उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक नई पेट्रोल और डीजल गाड़ियां खरीदने से बचना चाहिए। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को बेहतर विकल्प बताते हुए दावा किया कि भविष्य में सरकार ई-25, ई-30 और उससे अधिक इथेनॉल मिश्रित ईंधन भी लागू कर सकती है।
कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने देश की कई ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखकर पूछा था कि क्या वर्ष 2023 से पहले बनी गाड़ियों में ई-20 पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस संबंध में कोई लिखित जवाब नहीं मिला। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कई कंपनियों के अधिकारियों ने अनौपचारिक बातचीत में पुरानी गाड़ियों में ई-20 को लेकर चिंता जताई।
टाउनहॉल में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी अपने अनुभव साझा किए। यूट्यूबर मनीष कश्यप, दिल्ली विश्वविद्यालय के पर्यावरण अध्ययन के सहायक प्रोफेसर डॉ. अनुपम सैनी, जोमैटो डिलीवरी राइडर नीरज झा और मोटर मैकेनिक आमिर खान ने ई-20 के इस्तेमाल से जुड़े अपने अनुभव और चिंताएं सामने रखीं। कार्यक्रम में कॉमेडियन श्याम रंगीला ने प्रधानमंत्री की मिमिक्री के जरिए व्यंग्यात्मक प्रस्तुति भी दी, जिसे मौजूद लोगों ने खूब सराहा।
आम आदमी पार्टी के अनुसार, इस टाउनहॉल को ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर 7 लाख से अधिक लोगों ने देखा। कार्यक्रम के अंत में अरविंद केजरीवाल ने लोगों से ई-20 के मुद्दे पर अपनी आवाज सोशल मीडिया के माध्यम से उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार को जनता की राय का सम्मान करना चाहिए और ईंधन नीति में विकल्प आधारित व्यवस्था लागू करनी चाहिए


