गुरदासपुर ग्रेनेड मामले में बड़ा खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक और हैंड ग्रेनेड बरामद
प्रियंका ठाकुर | 24 घंटे न्यूज़
पंजाब को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत Punjab Police ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरदासपुर ग्रेनेड मामले को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से एक और हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए Gaurav Yadav ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत सिंह उर्फ बिल्ला निवासी गणेश नगर रामा मंडी जालंधर, करणजीत सिंह उर्फ करण निवासी तारापुर अमृतसर और सतनाम सिंह निवासी गांव बोपाराय अमृतसर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को गुरदासपुर के गीता भवन रोड पर स्थित एक दुकान के पास एक निष्क्रिय हैंड ग्रेनेड मिला था। बम स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर पुलिस कब्जे में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की थी।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ बिल्ला के घर से एक और हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक विदेशी हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे और उन्हें दो हैंड ग्रेनेड उसी विदेशी नेटवर्क के जरिए उपलब्ध करवाए गए थे।
मामले की जांच कर रहे Aditya ने बताया कि घटना के तुरंत बाद अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज, मानव खुफिया जानकारी और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस को पता चला कि पल्सर मोटरसाइकिल पर आए दो संदिग्ध व्यक्तियों ने अशोका चिप्स के पास ग्रेनेड फेंका था।
एसएसपी ने कहा कि इस पूरे मॉड्यूल के विदेशी कनेक्शन और स्थानीय सहायता नेटवर्क की जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की संभावना है।
इस मामले में पुलिस थाना सिटी गुरदासपुर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत एफआईआर नंबर 113 दर्ज की गई थी। बाद में मामले में यूएपीए की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।


