हरियाणा को मिली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जताया आभार
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़, 27 मई:
Nayab Singh Saini ने देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित डेमू ट्रेन हरियाणा को दिए जाने पर प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे भारत आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और भविष्य उन्मुख सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में नई पहचान स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे लगातार आधुनिक तकनीक, हरित ऊर्जा और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा को देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित ट्रेन मिलना इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार प्रदेश को भविष्य की तकनीकों और आधुनिक परिवहन सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जानकारी दी कि रेलवे बोर्ड ने जींद और सोनीपत के बीच 10 कोच वाली हाइड्रोजन फ्यूल सेल आधारित डीपीआरएस 1200 किलोवाट डेमू ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हरियाणा को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक रेल परिवहन तकनीक का अग्रणी केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Indian Railways की इस नई पहल को ग्रीन एनर्जी मिशन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाइड्रोजन आधारित ट्रेनें भविष्य के परिवहन का मजबूत आधार बनेंगी, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और वैकल्पिक ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा आज विकास, तकनीक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश, तकनीकी नवाचार और आधुनिक रेल नेटवर्क को नई गति मिलेगी। साथ ही यह परियोजना भविष्य की परिवहन योजनाओं और ग्रीन एनर्जी मिशन के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई तकनीक आधारित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है और हरियाणा इस परिवर्तन का अग्रणी भागीदार बनकर उभर रहा है।


