Homeहरियाणाहरियाणा में समरसता सम्मेलन: CM नायब सिंह सैनी ने 411 प्रतिभाओं को...

हरियाणा में समरसता सम्मेलन: CM नायब सिंह सैनी ने 411 प्रतिभाओं को किया सम्मानित | 24 Ghante News

हरियाणा में समरसता का संदेश, 411 युवा प्रतिभाओं का सम्मान

चंडीगढ़, 23 अगस्त: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी जिले के बावल क्षेत्र में आयोजित समरसता सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में सामाजिक एकता, समान सम्मान और अंत्योदय की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली मेघवाल समाज की 411 युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि समरसता केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने का संस्कार है। इसका अर्थ अपनी पहचान को मिटाना नहीं, बल्कि हर पहचान का समान सम्मान करते हुए समाज और राष्ट्र की एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र से प्रेरणा लेकर अंत्योदय के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

शिक्षा और प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे के सपनों में बाधा न बने। अनुसूचित जाति विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग, छात्रवृत्ति, शैक्षणिक भत्ता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि मिशन बुनियाद के तहत करीब 400 बच्चों को डिजिटल कोचिंग दी गई, जिनमें 272 बच्चों का चयन आईआईटी जैसे संस्थानों के लिए हुआ, जबकि 61 विद्यार्थियों का चयन नीट के लिए हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रतिभाओं को उचित मंच मिलता है तो वे अपनी क्षमता का प्रभाव जरूर दिखाती हैं।

31 लाख रुपये देने की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेघवाल उत्थान समिति की ओर से रखी गई 10 मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने रेवाड़ी और बावल में धर्मशाला निर्माण के लिए नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने हर पंचायत में पुस्तकालय स्थापित करने के सरकार के लक्ष्य का भी उल्लेख किया और बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 1,000 पुस्तकालय खोले जा चुके हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेघवाल उत्थान समिति को 31 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव, कोसली विधायक अनिल यादव, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

News Written By: Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments