By Priyanka Thakur
रोपड़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रोपड़ जिले के गांव बड़वा में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने वर्ष 2022 में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और लूट की राजनीति को नकारते हुए ईमानदार सरकार को चुना था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार राज्य में विकास और जनकल्याण की राजनीति को आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर किसान विरोधी कानून थोपने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान 700 से अधिक किसानों ने अपनी जान गंवाई थी। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने हमेशा राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का इस्तेमाल किया और अब भाजपा के साथ नया गठबंधन केवल सत्ता हासिल करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इस राजनीतिक ड्रामेबाजी को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार लोगों के टैक्स के पैसे का इस्तेमाल केवल जनहित के कार्यों में कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में 1000 के करीब आम आदमी क्लीनिक खोले जा चुके हैं, जहां मुफ्त दवाएं और जांच सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली दी जा रही है और किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को विदेशों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब राष्ट्रीय शिक्षा सर्वेक्षण में अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सिंचाई, सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में हजारों किलोमीटर नहरों और पाइपलाइनों का निर्माण किया गया है ताकि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनाना है।


